उदयपुर में सनसनी: पुरानी रंजिश में स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने महिला को कुचला, मौत; कॉलोनी में तोड़फोड़ कर फैलाई दहशत
उदयपुर (राजस्थान)। झीलों की नगरी उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित कपिल विहार कॉलोनी में शुक्रवार शाम बदमाशों के दुस्साहस का एक खौफनाक मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश के चलते तीन गाड़ियों में आए बदमाशों ने न केवल कॉलोनी में जमकर तोड़फोड़ की, बल्कि घर के बाहर खड़ी 50 वर्षीय महिला को स्कॉर्पियो गाड़ी से कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
पुरानी रंजिश में बदमाशों का तांडव
उदयपुर क्राइम न्यूज़ के अनुसार, प्रतापनगर के कपिल विहार में यह घटना शुक्रवार शाम करीब 5:43 बजे हुई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका उर्मिला कुंवर (50) के बेटे का आरोपियों से पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश का बदला लेने की नीयत से आरोपी एक काली स्कॉर्पियो और दो थार गाड़ियों के काफिले के साथ कॉलोनी में दाखिल हुए।
घर से बाहर निकलते ही महिला को रौंदा
तोड़फोड़ और शोर-शराबे की आवाज सुनकर जैसे ही उर्मिला कुंवर अपने घर के दरवाजे से बाहर निकलीं, तभी तेज रफ्तार में आई काली रंग की स्कॉर्पियो ने उन्हें जोर से टक्कर मार दी और कुचलते हुए फरार हो गई। लूलुहान हालत में परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
CCTV फुटेज आई सामने, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है।
उदयपुर पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में स्कॉर्पियो द्वारा महिला को टक्कर मारने की पूरी वारदात साफ नजर आ रही है। फुटेज के आधार पर गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन नंबर और बदमाशों की पहचान कर ली गई है। आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

