असहिष्णुता को लेकर एक तरफ March for India जैसे आयोजन हो रहे हैं वहीं दूसरी तरफ इतिहास के पन्नों के गड़े मुर्दे उखाड़ने का काम भी जारी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अब इस लड़ाई में Tipu Sultan को भी घसीट लिया है। 18वीं सदी में मैसूर के शासक रहे Tipu Sultan को RSS ने सबसे असहिष्णु राजा बताया है।
विवाद की शुरूआत टीपू सुल्तान की जयंती मनाने को लेकर हुई है। दरअसल कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने पिछले साल ही टीपू सुल्तान की जयंती को सरकार की तरफ से प्रायोजित करने का फैसला किया था। उस वक्त बीजेपी ने सरकार पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए TIPU के नाम पर विश्वविद्यालय बनाए जाने का विरोध किया था। अब कर्नाटक सरकार ने पहली बार 10 नवंबर को टीपू सुल्तान की जयंती मनाने का ऐलान कर दिया है। बीजेपी पहले से ही इस तरह के फैसले के खिलाफ थी अब कई हिंदू संगठनों ने भी इसका विरोध किया है। उन्होंने टीपू सुल्तान को राष्ट्र विरोधी बताया है और उनकी जयंती को सरकारी तौर पर और भव्य तरीके से मनाए जाने का विरोध किया है। इस विरोध को संघ ने भी मंजूरी दे दी है और संघ परिवार से जुड़े संगठनों के धरने-प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है। एक और हिंदू संगठन विश्व हिंदू परिषद ने भी Tipu Sultan के जन्मदिन समारोह में रुकावट डालने का ऐलान किया है। बताया गया है कि संघ के लोग टीपू सुल्तान की जयंती के विरोध में सीधे कोई प्रदर्शन नहीं करेंगे, लेकिन इसके खिलाफ जो भी धरना-प्रदर्शन होंगे उसे अपना समर्थन देंगे।
आरएसएस के कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के संघचालक वी. नागराज के मुताबिक ‘टीपू सुल्तान एक ऐसा शासक था, जिससे कर्नाटक के ज्यादातर लोग नफरत करते हैं। इतिहासकारों ने लिखा है कि उसने चित्रदुर्गा, मेंगलुरु और मध्य कर्नाटक के लोगों पर किस कदर जुल्म ढाया” उनका कहना था कि ये आरएसएस ने नहीं कहा बल्कि इतिहासकारों ने लिखा है कि टीपू किस कदर जुल्मी था। उसे अब तक सर्वाधिक असहिष्णु शासक बताया गया है।
आज जब पूरे देश में असहिष्णुता को लेकर बहस छिड़ी हुई है…पक्ष और विपक्ष में दो धड़े बन गए हैं ऐसे में टीपू सुल्तान को घसीटा जाना कहीं से भी सही नहीं कहा जा सकता। दो दशक पहले Tipu Sultan पर एक टीवी सीरियल बना था ‘द सोर्ड ऑफ टीपू सुल्तान’। ये सीरियल काफी हिट रहा था। आपको अपने आसपास टीपू नाम के लोग हिंदुओं में भी मिल जाएंगे और मुसलमानों में भी। टीपू इतना ही असहिष्णु होता तो क्या लोग उससे इस तरह जुड़ पाते। क्या टीपू का कवच और हथियारों की नीलामी में 56 करोड़ रुपये के खरीदार मिल पाते?
