नारायणगढ़।। नगरपालिका चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा को करारा झटका देते हुए विपक्षी कांग्रेस और निर्दलियों ने 10 सीटों पर कब्जा जमाया है। भाजपा को 15 में से केवल 5 सीटें ही मिल सकी हैं। जबकि भाजपा ने लगभग सभी वार्डों से अपने प्रत्याक्षी मैदान में उतारे थे। नारायणगढ़ नगरापालिका चेयरमैन की कुर्सी अब की बार अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व है और चार सीटें अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व हैं। अब देखना यह है कि किसके सिर चेयरमैन का ताज रखा जाएगा।नगरपालिका चुनावों में भाजपा अपनी साख नहीं बचा पाई है। वार्ड नंबर 1 से पूर्व में पांच बार पार्षद रहे भाजपा समर्थित उम्मीदवार बैकुंठ नाथ को भी हार का मुंह देखना पड़ा है। आजाद उम्मीदवार वीना चानना ने 181 वाेटों से बैकुंठ नाथ को हराया है, जबकि एक प्रत्याक्षी को पहले ही बैकुंठ नाथ के पक्ष में बिठाया गया था। वार्ड नंबर 2 से कांग्रेस की सुधा शर्मा ने शानदार जीत हासिल की है।
उन्होंने अपनी प्रतिद्वंदी भाजपा समर्थित अनुपमा शर्मा को 400 वोटों से हराया। वार्ड नंबर 3 में भाजपा अपना वर्चस्व बचाने में कामयाब रही, भाजपा की मनिका अग्रवाल ने पूर्व पार्षद अनीता चौधरी को 430 वोटों से हराया। वार्ड 4 में कांग्रेस के रत्ती राम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी और भाजपा के प्रवीन धीमान को करारी मात दी है।
वार्ड नंबर 5 से पूर्व पार्षद एवं कांग्रेस समर्थित श्रवण कुमार ने कांता देवी को पराजित किया। वार्ड नंबर 6 में पहले ही निर्विरोध चुनाव हो चुका है और प्रवीन नामदेव ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। वार्ड नंबर 7 में भाजपा के उम्मीदवार जय प्रकाश ने सीधे मुकाबले में अपने प्रतिद्वंदी अरुण वालिया को 40 वोटों से हराया। जबकि इस वार्ड में राज्यमंत्री नायब सैनी ने जय प्रकाश के पक्ष में तीन बार वार्ड में चुनाव प्रचार किया था। वार्ड नंबर 8 से मंजू बाला ने सीधे मुकाबले में वीना अग्रवाल को हराया है। वार्ड 9 से राखी देवी ने सुदेश अंटवाल को हराया। वार्ड नंबर 10 से जगदीप कौर ने जीत हासिल की है। वार्ड नंबर 11 से भाजपा के उम्मीदवार भीमसेन गैरा चुनाव जीत गए हैं, उन्होंने कांग्रेस के श्याम लाल को हराया। वार्ड 12 से परविंद्र कौर ने पूर्व चेयरमैन सतनाम कौर को हराया है। वार्ड 13 में कांग्रेस के उम्मीदवार सुरेश धीमान ने भाजपा के समर्थित उम्मीदवार महेंद्र सैनी को हराया है। वार्ड नंबर 14 में भी कांग्रेस ने अपना वर्चस्व कायम रखते हुए नीलम वालिया ने अशोक कुमार को 340 वोटों से हराया है। वार्ड नंबर 15 में भाजपा की उम्मीदवार प्रीतपाल कौर मक्कड़ ने कांग्रेस के जयपाल चौधरी को 347 वोटों से हराया।
