बांसवाड़ा में 1.18 करोड़ की डकैती का पर्दाफाश: 9 दिन में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 97.12 लाख नकद और गाड़ियां बरामद
बांसवाड़ा : राष्ट्रीय राजमार्ग-927ए स्थित गेमन पुल पर 18 सितंबर की रात हुई ₹1.18 करोड़ की सनसनीखेज डकैती का आंबापुरा थाना पुलिस ने महज 9 दिनों में सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों की निशानदेही पर ₹97.12 लाख नकद, लूटी गई कार, वारदात में इस्तेमाल वाहन और चांदी के जेवर बरामद किए हैं।
रिमांड के दौरान हुई बड़ी बरामदगी
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी विश्लेषण और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 24 सितंबर को चार आरोपियों—अजय डिण्डोर, मोहनलाल राणा, कन्हैयालाल उर्फ कानु और प्रकाश कटारा—को गिरफ्तार किया गया था।
न्यायालय से पुलिस अभिरक्षा रिमांड हासिल करने के बाद आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने निम्नलिखित सामान व नकदी जब्त की:
नकद राशि: ₹97,12,250 (सतान्वे लाख बारह हजार दो सौ पचास रुपये)
वाहन: लूटी गई मारुति एस-क्रॉस कार और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की सफेद मारुति स्विफ्ट कार
अन्य सामान: डकैती के रुपयों से खरीदे गए चांदी के जेवर (दो जोड़ी पायजेब और एक कड़ा) तथा एक मोबाइल फोन
इस तरह अंजाम दी गई थी वारदात
घटनाक्रम के अनुसार, 17 सितंबर की रात चालक अपने साथी के साथ रतलाम से करीब ₹1.18 करोड़ नकद लेकर बांसवाड़ा की तरफ आ रहा था। 18 सितंबर की रात जब उनकी कार गेमन पुल पार कर माता जी मंदिर के पास पहुंची, तो सामने ट्रैक्टर आ जाने से कार को रोकना पड़ा।
इसी बीच, पीछे से आई बिना नंबर की स्विफ्ट कार से बदमाशों ने उतरकर लाठी और तलवार से हमला कर दिया। बदमाशों ने कार के शीशे तोड़कर चालक और उसके साथी को बाहर निकाला और नकदी व कार लूटकर फरार हो गए।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। शेष बची रकम और सामान की बरामदगी के लिए अनुसंधान जारी है।


