Headline
Loading latest headlines...

RPF 'रेल मदद' से मिली बिछड़ी मां, लौटाया ₹9.80 लाख से भरा बैग

0
Translate Post:

RPF की तत्परता और संवेदनशीलता: बिछड़ी वृद्ध महिला को परिजनों से मिलाया, यात्री का ₹9.80 लाख का सामान भी सुरक्षित लौटाया

मऊ / वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक (वाराणसी) श्री आशीष जैन के निर्देश और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री पंकज चुघ के कुशल नेतृत्व में पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल का रेलवे सुरक्षा बल (RPF) यात्रियों की सुरक्षा और सेवा में मिसाल पेश कर रहा है। RPF की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के कारण हाल ही में दो अलग-अलग मामलों में एक वृद्ध महिला को उनके परिवार से सकुशल मिलाया गया, वहीं एक अन्य यात्री का लगभग ₹9.80 लाख मूल्य का कीमती सामान सुरक्षित वापस लौटाया गया।

सुरक्षा के साथ सेवा भी: वाराणसी मंडल RPF ने जीती यात्रियों की साख, लौटाए लाखों के जेवर और बिछड़े परिजन

72 वर्षीय वृद्ध महिला का परिजनों से कराया पुनर्मिलन

7 सितंबर को 'रेल मदद' पोर्टल के माध्यम से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 15084 के B-2 कोच से एक वृद्ध महिला अपने परिजनों से बिछड़ गई हैं। मामला संज्ञान में आते ही कांस्टेबल पुरेन्द्र राम ने रसड़ा स्टेशन पर तत्परता दिखाते हुए खोजबीन शुरू की। शाम लगभग 06:50 बजे महिला को प्लेटफार्म संख्या-01 स्थित आरक्षण केंद्र के पास सुरक्षित ढूंढ निकाला गया।

तस्वीर से पहचान की पुष्टि करने के बाद RPF चौकी रसड़ा पर महिला को सुरक्षित बैठाया गया और उनके परिजनों को सूचित किया गया। रात लगभग 09:30 बजे महिला के पुत्र सुरेंद्रनाथ सिंह (निवासी झरकटहा, जिला बलिया) चौकी पहुंचे। आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया के बाद 72 वर्षीय तेतरा देवी को उनके बेटे के सुपुर्द कर दिया गया। इस भावुक पुनर्मिलन पर परिजनों ने RPF का दिल से आभार व्यक्त किया।

₹9.80 लाख का कीमती सामान सुरक्षित किया सुपुर्द

एक अन्य घटना में, गाड़ी संख्या 09466 के एस-कोच में यात्री का बैग छूटने की सूचना मिली। औड़िहार स्टेशन पर तैनात कांस्टेबल साधना सिंह ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक हरे रंग का ट्रॉली बैग और कपड़े का झोला ट्रेन से उतारकर RPF पोस्ट पर सुरक्षित जमा कराया।

सामान के मालिक राजेन्द्र राम (69 वर्ष, निवासी कासिमाबाद, जिला गाजीपुर) के पोस्ट पहुंचने पर यात्रा टिकट व पहचान पत्र के जरिए सत्यापन किया गया। बैग की जांच करने पर उसमें कपड़े व खाद्य सामग्री के अलावा 2 सोने के मंगलसूत्र, 1 जोड़ी झुमका, चांदी की पायल, बिछिया, चाबियां और ₹17,000 नकद बरामद हुए। यात्री के अनुसार कुल सामान की अनुमानित कीमत लगभग ₹9.80 लाख थी।

सहायक उप निरीक्षक राकेश कुमार सिंह (RPF, औड़िहार) द्वारा सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर फर्द सुपुर्दनामा के माध्यम से सारा सामान राजेन्द्र राम को सही-सलामत सौंप दिया गया। यात्री ने RPF की इस ईमानदारी और तत्परता की सराहना की।

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)
  • Loading Posts...