बांसवाड़ा: सोशल मीडिया पर डिजिटल 'नोतरा' की गुहार का कमाल, 3 दिन में जुटाए 1 लाख से अधिक रुपए
बांसवाड़ा : "संगठन में शक्ति होती है"—इस कहावत को बांसवाड़ा जिले की घाटोल तहसील स्थित खानपाड़ा गांव के निवासियों और स्कूल प्रशासन ने सच कर दिखाया है। क्षेत्र की प्राचीन सामाजिक परंपरा 'नोतरा' को आधुनिक तकनीकी रंग देते हुए यहाँ 'डिजिटल नोतरा' का सफल आयोजन किया गया, जिसके जरिए मात्र 3 दिनों के भीतर 1 लाख रुपये से अधिक का फंड एकत्रित कर लिया गया।
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए लोहे का टिन शेड निर्माण उद्देश्य
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय (राउप्रावि) खानपाड़ा में पढ़ने वाले बच्चों की बैठने की उचित व्यवस्था के लिए टिन शेड का निर्माण कराया जाना था। इस जनहितैषी कार्य के लिए विद्यालय स्टाफ और ग्रामीणों ने सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन से आर्थिक सहयोग की मार्मिक अपील की। अपील का असर इतना व्यापक रहा कि देखते ही देखते लोग भामाशाह बनकर आगे आए। किसी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर तो किसी ने अपनों की स्मृति में दिल खोलकर सहयोग राशि भेंट की।
'सरकारी सुपरस्टार्स' मुहिम और इंफ्लूएंसर्स का मिला साथ
विद्यालयों को आधुनिक बनाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए चलाए जा रहे 'सरकारी सुपरस्टार्स' अभियान के तहत इस आयोजन को नई ऊर्जा मिली। कार्यक्रम में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर और प्रसिद्ध डांसर कालू सर तथा वायरल सिंगर अभिषेक यादव (वायरल गुरु) ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
27 हजार किमी की यात्रा: डांसर कालू सर ने बताया कि वे सरकारी स्कूल के बच्चों को कला से जोड़ने के लिए 'निशुल्क डांस क्लासेज अभियान' चला रहे हैं, जिसके तहत वे अब तक 27,295 किलोमीटर का सफर तय कर खानपाड़ा सहित 82 विद्यालयों तक पहुंच चुके हैं।
प्रतिभा को निखारने की प्रेरणा: 'पल दो पल का शायर' गाने से प्रसिद्ध हुए अभिषेक यादव ने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ संगीत, नृत्य और खेलों में रुचि लेकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षकों ने स्व-प्रेरणा से की शुरुआत
इस अभिनव पहल की नींव सबसे पहले विद्यालय के शिक्षकों ने ही रखी। संस्थाप्रधान मामराज मेघवाल, वालजी बुज, विनोद पाटीदार, अंजली राणा, अजय अरविंद करासुआ और सरोज हरमोर ने स्वयं मिलकर ₹30,600 की राशि जुटाई। शिक्षकों के इस विद्यादान से प्रेरित होकर ही आमजन और भामाशाहों ने इस मुहिम को जनआंदोलन में बदल दिया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अनूठे आयोजन में विद्यालय प्रबंधन समिति के साथ पीईईओ कंठाव स्टाफ से शांतिलाल मीणा, अशोक बरोड, विश्वम्भर मेघवाल, पुष्पराज सिंह शक्तावत, नटवरलाल चरपोटा, धीरजमल (वार्ड पंच), प्रकाश चंद्र चरपोटा (वरिष्ठ अध्यापक), सुनील खराड़ी, दिनेश खराड़ी, लकमा बाबा, मणिलाल खराड़ी, कचरू लाल डीलर, शंकर लाल कटारा, शांतिलाल सोलंकी, रावजी भाई, धीरजमल निनामा, नटवरलाल कटारा (एलडीसी), राहुल बुनकर, नारायण और चीकू रावल सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

