RERA से डिफॉल्टर घोषित बिल्डर का एक और कारनामा: 10 साल पहले वसूले 3.50 लाख, लिखित वादे के बाद भी न दिया फ्लैट और न लौटाए पैसे
जयपुर : राजधानी जयपुर के अजमेर रोड स्थित ओमेक्स सिटी में आवासीय परियोजना 'शिव सरोवर' के नाम पर घर खरीदारों के साथ ठगी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजस्थान रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (RERA) द्वारा पहले ही डिफॉल्टर घोषित किए जा चुके बिल्डरों के खिलाफ अब एक और गंभीर मामला सामने आया है।
मैसर्स शिवशक्ति रियलहोम प्राइवेट लिमिटेड के प्रमोटर-डायरेक्टर संजीव सांघी, राजीव सांघी और ओम सांघी पर इस बार कोटा निवासी एक आवंटी से वर्ष 2016 में फ्लैट बुकिंग के नाम पर लाखों रुपए वसूलने, दिसंबर 2020 तक कब्जा देने का लिखित वादा करने और वर्षों बीत जाने के बावजूद न तो फ्लैट सौंपने और न ही मूल राशि लौटाने का गंभीर आरोप लगा है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित आवंटी पुलकित जैन (निवासी: दादाबाड़ी, कोटा) ने पूरे मामले के दस्तावेजी साक्ष्यों के साथ बिल्डर की मनमानी को उजागर किया है। शिकायत के अनुसार, शिवशक्ति रियलहोम प्राइवेट लिमिटेड के प्रमोटर विवरण में संजीव सांघी एवं राजीव सांघी के नाम दर्ज हैं।
कंपनी ने पीड़ित को ओमेक्स सिटी, अजमेर रोड स्थित अपनी 'शिव सरोवर' परियोजना में 620 वर्गफुट क्षेत्रफल का 1-BHK फ्लैट (फ्लैट संख्या B-204) आवंटित करने का झांसा दिया था। इसकी एवज में आवंटी से वर्ष 2016 में ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स के दो चेकों के माध्यम से कुल ₹3,50,000/- (साढ़े तीन लाख रुपए) की बुकिंग राशि प्राप्त की गई थी:
पहला भुगतान: चेक संख्या 010221 (दिनांक 10.02.2016) से ₹1,50,000/-
दूसरा भुगतान: चेक संख्या 010222 (दिनांक 30.06.2016) से ₹2,00,000/- (इस राशि में सेवा कर/जीएसटी भी शामिल था)
इसके बाद कंपनी ने अपने पत्र (संख्या SS/139, दिनांक 10.01.2018) के जरिए फ्लैट संख्या B-204 के आवंटन की लिखित पुष्टि की तथा जीएसटी इनपुट क्रेडिट के विरुद्ध 50% क्रेडिट नोट उपलब्ध कराने का भी औपचारिक आश्वासन दिया था।
दिसंबर 2020 में देना था पजेशन, वर्षों बाद भी साइट अधूरी
कंपनी ने आवंटन के समय भरोसा दिलाया था कि परियोजना का निर्माण कार्य दिसंबर 2020 तक पूरा कर फ्लैट का वास्तविक कब्जा सौंप दिया जाएगा। लेकिन तय मियाद खत्म होने के वर्षों बाद भी आवंटी को न तो फ्लैट का कब्जा मिला और न ही जमा कराई गई पूंजी ब्याज सहित लौटाई गई।
पीड़ित का कहना है कि पूर्ण भुगतान प्राप्त करने और लिखित आवंटन पत्र जारी करने के बावजूद कंपनी अपने विधिक व नैतिक दायित्वों से मुकर गई है, जिससे वे भारी आर्थिक संकट और मानसिक प्रताड़ना झेलने को मजबूर हैं।
अन्य निवेशकों के साथ भी सामने आ चुके हैं धोखे के मामले
इसी परियोजना 'शिव सरोवर' में कोटा की ही अन्य आवंटियों सुश्री ऋषिका जैन एवं श्रीमती मीनाक्षी जैन (यूनिट संख्या B-403) के साथ भी लगभग आठ साल की अवधि बीत जाने के बाद ऐसा ही धोखाधड़ी का मामला सामने आया था।
रेरा नंबर और बैंक अप्रूवल का झांसा: बिल्डर ने प्रोजेक्ट का रेरा पंजीकरण क्रमांक
RAJ/P/2017/117बताया था और HDFC तथा ICICI जैसे बैंकों से लोन मिलने का दावा किया था।बाउंस हुए रिफंड चेक: जब खरीदारों ने वर्षों तक निर्माण न होने पर अपनी रकम वापस मांगी, तो कंपनी ने उन्हें टहलाते हुए जो रिफंड चेक दिए, वे भी बैंक में बाउंस (अनादरित) हो गए।
RERA ले चुका है कड़ा रुख
शिवशक्ति रियलहोम प्राइवेट लिमिटेड और इसके प्रमोटरों का ट्रैक रिकॉर्ड विवादित रहा है। राजस्थान रेरा ने धोखाधड़ी और रिफंड चेक बाउंस होने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रमोटरों राजीव सांघी, संजीव सांघी और ओम सांघी को डिफॉल्टर घोषित करने के साथ-साथ आम जनता को सतर्क करने के लिए इनके नाम व फोटो सार्वजनिक करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
बिल्डर का पक्ष
इस मामले पर कंपनी के प्रमोटर संजीव सांघी का कहना है कि शिव सरोवर योजना में संबंधित आवंटियों की सहमति से ही बुकिंग कैंसल की गई थी। उनकी एवज में दिए गए बुकिंग राशि के चेक कोविड-19 की परिस्थितियों के कारण बैंक से बाउंस हो गए थे, और अब पीड़ित आवंटी उनसे संपर्क करके अपनी राशि प्राप्त कर सकते हैं।

