आगरा।। वैसे तो ताजनगरी यानी आगरा पूरी दुनिया में ताजमहल के लिए जाना जाता है। लेकिन इसके साथ-साथ आगरा दुनिया में लेदर के जूते के लिए भी जाना जाता है। आगरा में बने जूते को विश्व में कुछ अलग पहचान दिलाने के मकसद से एक जूता व्यवसायी ने बनाया है एशिया का सबसे ऊंचा जूता, जिसकी ऊंचाई सुनकर आग दंग रह जाएंगे।
दरअसल, आगरा के जूता व्यवसायी शरवन सिंह ने एशिया के सबसे बड़े जूते को तैयार किया है। जूते की ऊंचाई आठ फीट जबकि लंबाई छह फीट है। इस भारी-भरकम जूते को बनाने के लिए 50 कारीगरों ने छह महीने का समय लिया। जूते को आगरा की पहचान के रुप में स्थापित करने के लिए दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में प्रदर्शित किया जाएगा।
आगरा के शरवन सिंह को जूता इंडस्ट्री में अपना नाम कमाने का शौक तो पहले से है। उनके इसी शौक के चलते उनकी कम्पनी के करीब 50 कर्मचारियों ने छह महीने में इस जूते को बनाया। जूता बनाने में करीब नौ लाख रुपए का खर्च आया है। बताया जा रहा है कि जूते का वजन करीब 200 किलोग्राम है।
आपको बता दें कि शरवन सिंह इससे पहले भी हिंदुस्तान का सबसे बड़ा जूता बना चुके हैं। शरवन अब विश्व का सबसे बड़ा जूता बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
