ये पोस्टर इलाहाबाद कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने लगवाये हैं. इन पर
" वो इंदिरा, वो दुर्गा का, फिर नया आगाज़ है.
वो हिन्द की है शेरनी, हिन्दुस्तान की आवाज़ है. "
पोस्टर में नीचे की तरफ अंग्रेजी में लिखा गया है -- इंदिरा इज़ बैक.
इलाहाबाद जिला कांग्रेस के सचिव हसीब अहमद और शिरीष दुबे द्वारा लगाए गए इन पोस्टरों में प्रियंका गांधी की बड़ी तस्वीर के साथ ही इंदिरा-सोनिया और राहुल की तस्वीरें भी लगाई गई हैं. हसीब अहमद और शिरीष दुबे का कहना है कि जिस तरह देवी दुर्गा ने तमाम राक्षसों का संहार किया था, उसी तरह प्रियंका गांधी भी राजनीति में सक्रिय होते ही कांग्रेस के दुश्मनों का दमन करेंगी
उधर प्रियंका गांधी को देवी दुर्गा का अवतार बताने वाले कांग्रेस के इन पोस्टरों को लेकर बीजेपी ने कडा एतराज जताया है. कहा, यह देवी-देवताओं का अपमान है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. बीजेपी नेताओं ने इन पोस्टरों को फ़ौरन हटाए जाने और कांग्रेस नेताओं से माफी मांगने की मांग की है. बीजेपी नेताओं का कहना है कि कांग्रेस को इस तरह के हथकंडों के बावजूद यूपी चुनाव में कोई फायदा नहीं होने वाला है.
यूपी विधानसभा चुनाव से पहले प्रियंका गांधी सक्रिय राजनीति में आएंगी या नहीं और उनके आने से कांग्रेस को कितना फायदा होगा, इसका फैसला तो वक्त ही करेगा. पर उनके सियासत में कदम रखने की चर्चाओं भर से कांग्रेस कार्यकर्ता बेहद उत्साहित हैं.
