Translate News:

फेसबुक पर अपनी रईसी दिखाने का शौक है तो जरा संभल जाइए। इस शौक के चलते आयकर विभाग के शिकंजे में फंस सकते हैं। हाल में विभाग ने ऐसा करने वाले 20 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। ये लोग आगरा, मथुरा, फीरोजाबाद, झांसी, इटावा, शिकोहाबाद, मैनपुरी से ताल्लुक रखते हैं। सोशल साइट देखकर नोटिस भेजने का आगरा का यह अपनी तरह का पहला मामला बताया जा रहा है।
अभी तक आयकर विभाग द्वारा तहसील से प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त, ऑटो मोबाइल डीलर से चार पहिया वाहनों की डिलीवरी, बैंक से बड़े लेन-देन, होटलों से महंगी पार्टी आदि जैसी जानकारी हासिल की जाती रही है। इस आधार पर विभाग की ओर से नोटिस भी जारी होते रहे हैं।
पिछले कुछ सालों में सोशल मीडिया लोगों के लिए अपनी रईसी दिखाने का नया माध्यम बन चुका है। विदेशों में घूमने-फिरने की फोटो, होटलों में पार्टी करते हुए फोटो, महंगी कारजैसे फोटो अपलोड किए जाते हैं। विभागीय सूत्रों ने बताया कि पिछले माह 20 लोगों को नोटिस भेज जवाब मांगा गया है। ये भी इसी तरह की लगातार पोस्ट के कारण विभाग की नजरों में आए। इनके रिटर्न देख आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस समय आय के हर स्रोत पर गौर किया जा रहा है।
