Breaking News
Loading...

फौजी ने कहा....तो मैं डाकू बन जाऊंगा

    शाहजहांपुर।। देश के बाहरी दुश्मनों से लड़ने वाले एक जवान को देश के अंदरूनी दुश्मनों से तक दो चार होना पड़ रहा है। पुलिस उत्पीडन से परेशान फौजी ने डकैत बनकर अपना बदला लेने की चेतावनी पुलिस को दी है। पीड़ित फौजी का कहना है कि जो देश के रक्षा कर सकता है वह बीहड़ में जाकर अपनी भी रक्षा कर सकता है। जानकारी के अनुसार जनपद के थाना सिंधौली कस्बा निवासी उमेश सिंह फौजी है और राजस्थान में बार्डर पर तैनात है। घर में उमेश के माता-पिता ही रहते हैं। 5 अक्तूबर को उमेश के घर में हथियारबंद बदमाशो ने परिवार को बंधक बनाकर डकैती डाली थी।
      बदमाश पांच लाख रुपये के जेवरात, नगदी व लाइसेंसी बदूक लूट ले गए थे। घर में डकैती पड़ने की जानकारी होने पर उमेश फौज से छुट्टी लेकर घर आ गया। उमेश पुलिस की कार्यशैली से बेहद नाराज है। उमेश सिंह का कहना है कि डकैती की मुखबिरी करने वाले युवक सहित तीन लोगों को उसने अपने स्तर पर पकड़कर पुलिस को सौंपा लेकिन पुलिस ने तीनों आरोपियों को छोड़ दिया। थाना पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न होने पर उसने एसपी डा. मनोज कुमार से गुहार लगाई लेकिन एसपी ने गुहार सुनने की बजाय उसको ही बेइज्जत कर दिया।
      एसपी की बदसलूकी से नाराज फौजी ने चेतावनी दी कि वो सेना की नौकरी छोड़कर पानसिंह तोमर जैसा डकैत बनेगा और डकैतों को अपने ढंग से सजा देगा। फौजी उमेश सिंह का कहना है कि उसे कई बार सीमा पर आतंकियों को ढेर किया। लेकिन वो अपने ही देश में पुलिस और नेताओं के सामने हार गया है। यहां पुलिस नेताओं के दबाव में अपराधियों को छोड़ रही हैं। उसका कहना है कि अगर वो डकैत बनता है तो इसके लिए पुलिस जिम्मेदार होगी।