थाने को समझा 'बेडरूम', कुर्सी पर पैर ऊपर कर बैठी महिला कांस्टेबल सस्पेंड, सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद SP की बड़ी कार्रवाई
डूंगरपुर/राजस्थान।। पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली और जनता के प्रति संवेदनहीनता को दर्शाने वाली एक तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। मामला राजस्थान के डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा पुलिस थाने का है, जहां तैनात एक महिला कांस्टेबल का थाने के भीतर का अमर्यादित आचरण सामने आया है। फोटो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) ने तुरंत संज्ञान लेते हुए महिला कांस्टेबल को सस्पेंड (निलंबित) कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, बिछीवाड़ा थाने में तैनात महिला कांस्टेबल रीना गर्ग का एक फोटो सामने आया है, जिसमें वह पुलिस की वर्दी में ड्यूटी के दौरान सरकारी कुर्सी पर पैर ऊपर कर (बेडरूम के अंदाज में) बैठी नजर आ रही हैं। हैरानी की बात यह है कि उनके ठीक सामने एक बुजुर्ग फरियादी अपनी गुहार लेकर खड़ा है, लेकिन महिला कांस्टेबल अनुशासन की धज्जियां उड़ाते हुए बेहद गैर-जिम्मेदाराना रवैये में बैठी रहीं।
सोशल मीडिया पर फूटा जनता का गुस्सा
जैसे ही यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई, लोगों ने इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। जनता का कहना है कि पुलिस 'जनता की सेवक' होती है, न कि शासक। एक बुजुर्ग और मजबूर फरियादी के सामने इस तरह का अमर्यादित व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। लोग सोशल मीडिया पर लिख रहे हैं कि “इन्हें जनता का नौकर होने का अहसास कराया जाना चाहिए, ताकि आगे से ये किसी बुजुर्ग फरियादी के सामने अदब से पेश आएं।” कई लोग तो इन्हें नौकरी से बर्खास्त करने तक की मांग कर रहे हैं।
एसपी ने की निलंबन की कार्रवाई
मामले की गंभीरता और पुलिस की छवि धूमिल होते देख डूंगरपुर जिला पुलिस अधीक्षक (SP) ने त्वरित कार्रवाई की है। महिला कांस्टेबल रीना गर्ग को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड (निलंबित) कर दिया गया है और मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
बड़ा संदेश: इस कार्रवाई से जिला पुलिस ने यह साफ संदेश देने की कोशिश की है कि खाकी की गरिमा से खिलवाड़ और फरियादियों के साथ ऐसा संवेदनहीन व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब देखना यह है कि जांच के बाद इस महिला कांस्टेबल पर और कितनी कठोर कार्रवाई की जाती है।

