
बसपा के पूर्व सांसद सालिम अंसारी ने साधी चुप्पी, राजनीति में अभी नहीं खोला पत्ता लोकसभा चुनाव के नजदीक आते ही पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दकी ने बदला राजनीतिक तेवर
मऊ।। बहुजन समाज पार्टी से निष्कासित नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दिकी गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस में शामिल हो गए। लोकसभा चुनाव को निकट देखते हुए पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दकी ने अचानक राजनीतिक दांव-पेंच आजमाते हुए हाथी के बाद हाथ का दामन थाम लिया है। जबकि पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दकी के करीबी बहुजन समाज पार्टी के पूर्व सांसद सालिम अंसारी अभी चुप्पी साधे हुए हैं, उन्होंने अभी तक अपना अगला राजनीतिक पत्ता नहीं खोला है।
इसके पूर्व नई दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और एआईसीसी के उत्तर प्रदेश के प्रभारी महासचिव गुलाम नबी आजाद ने संवाददाता सम्मेलन में नसीमुद्दीन के पार्टी में शामिल होने की घोषणा कर दिया है। इस अवसर पर बसपा के कई पूर्व मंत्री, विधायक एवं पूर्व विधान पार्षद सदस्य भी कांग्रेस में शामिल हुए। लेकिन इस दौरान पूर्व सांसद सालिम अंसारी कहीं भी दिखाई नहीं दिए। बताते चलें कि पूर्व सांसद सालिम अंसारी 3 जुलाई 2010 को बहुजन समाज पार्टी से राज्य सभा के सदस्य चुने गए थे। वे 4 जुलाई 2016 तक बहुजन समाज पार्टी के राज्यसभा सांसद थे। इसके पूर्व भी वे दो दशक तक बहुजन समाज पार्टी में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पूर्व सांसद सालिम अंसारी दो बार बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष तथा एक बार सदर विधान सभा से चुनाव भी लड़ चुके हैं। फिलहाल राजनीतिक हलके में पूर्व सांसद सालिम अंसारी के अगले राजनीतिक कैरियर को लेकर चर्चाओं का बाजार काफी गर्म है।
