दबंगई पड़ी भारी: इंस्टाग्राम पर नकली पिस्तौल दिखाकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, 2 बाइक भी जब्त
बांसवाड़ा। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर आमजन में खौफ पैदा करने वालों पर बांसवाड़ा पुलिस का चाबुक चला है। इंस्टाग्राम पर पिस्तौल के साथ वीडियो बनाकर खुद को 'डॉन' दिखाने वाले एक युवक को सदर थाना पुलिस और सोशल मीडिया सेल की संयुक्त टीम ने धर दबोचा। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के खुराफातियों में हड़कंप मच गया है।
भागने के चक्कर में गिरा आरोपी, मौके से दो बाइक जब्त सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नयागांव तालाब के पास जाल बिछाकर दबिश दी। पुलिस की गाड़ी देखते ही आरोपी और उसके 3-4 साथी घबराकर मौके से भागने लगे। इसी हड़बड़ाहट में आरोपी विनोद जमीन पर गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो पावर बाइक भी जब्त की हैं। चोटिल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद हिरासत में ले लिया गया है।
एसपी की चेतावनी:
जिला पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर जोशी ने सख्त लहजे में कहा है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, फर्जी रौब या आमजन में भय पैदा करने वाली कोई भी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

