
भ्रष्टाचार उजागर करने में एक योद्धा पत्रकार की अकाल मृत्युशाहजहाँपुर।। शाहजहाँपुर निवासी सोशल मीडिया पत्रकार जगेन्द्र सिंह, जो 01 जून 2015 को दिन में अपने आवास विकास कॉलोनी, सदर बाज़ार स्थित मकान में सदर कोतवाल द्वारा दी गयी दबिश के दौरान आग लगने से लगभग 60 फीसदी जल गए थे, की आज सिविल अस्पताल, लखनऊ में मौत हो गयी.
इससे पूर्व श्री जगेन्द्र ने उन्हें जलाने की घटना इंस्पेक्टर द्वारा स्थानीय राज्यमंत्री के इशारों पर किये जाने की बात कही थी. उन्होंने कहा था कि इससे पूर्व भी 28 अप्रैल को उनके आवास के पास उनपर जानलेवा हमला किया गया किन्तु इसमें अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई. उन्होंने मंत्री द्वारा अवैध खनन, जमीन पर बलपूर्वक कब्जा करने और सत्ता के दुरुपयोग को उजागर करने के कारण यह सब होने का आरोप लगाया था.
आज मुझे अस्पताल में श्री जगेन्द्र के परिजनों ने बताया कि 01 जून को दबिश के दौरान इंस्पेक्टर के साथ 28 अप्रैल को श्री जगेन्द्र पर हमला करने वाला मंत्री के एक ख़ास आदमी भी मौजूद थे और उन्ही के इशारे पर यह घटना घटी.
भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के कारण हुई यह मौत एक अत्यंत गंभीर बात हैं और मैं इसमें तत्काल सभी दोषी व्यक्तियों पर कठोर कार्यवाही की मांग करता हूँ.

