Breaking News
Loading...

लड़की सुंदर देख झट से की शादी, 10 दिन बाद पति को बेहोश कर फरार हुई

     पंजाब के फाजिल्का में दस दिन पहले शादी कर आई दुल्हन पति को बेहोश कर परिवार समेत फरार हो गई। ससुराल के लोग जब गांव आए तब पता चला कि दुल्हन का परिवार तो 15 दिन पहले ही इस गांव आया था। दूल्हे की मां का कहना है कि लड़की सुंदर थी इसलिए तुरंत शादी कर दी।
     जानकारी के अनुसार, अजय कुमार की शादी सुमन कौर के साथ दस दिन पहले बड़ी धूमधाम से हुई। दुल्हन के परिवार ने शादी इस शर्त पर की कि उनके पास सिवाए लड़की देने के अलावा कुछ भी नहीं है। अजय की मां मंजीत कौर को लड़की सुंदर लगी और उसने फट से बिना कुछ दहेज की मांग किए शादी के लिए हां कर दी। शादी में दूल्हे के परिवार ने करीब डेढ़ लाख रुपए का खर्च किया और लड़की को एक तोले सोना भी दे दिया।
    शादी के बाद लड़की ससुराल आ गई और तीन दिन घर पर रहने के बाद उसे उसका भाई लेने के लिए आया तो उसने भाई के साथ जाने के लिए मना कर दिया। ऐसे में उसके पति अजय ने उसे उसके मायके ले जाने के लिए राजी कर लिया। शुक्रवार को अजय सुमन को लेकर उसके मायके पहुंचा। यहां अजय की उसके ससुराल वालों ने खूब खातिरदारी की।
    अजय को दिए रात के खाने में उसके ससुराल पक्ष ने कोई नशीला पदार्थ मिला दिया। सुबह जब अजय की नींद खुली तो उसने देखा कि सुमन व उसका परिवार गायब है। एक बार तो उसे सब कुछ सामान्य लग रहा था, जब उसने पूरे गांव में सुमन और उसके परिवार को ढूंढा तो वो नहीं मिले।
     अजय का परिवार गांव पहुंचा तो पता चला कि सुमन और उसका परिवार इस गांव में 15 दिन पूर्व ही आया था। वो यहां किसी को नहीं जानते थे और न ही उनकी कोई रिश्तेदारी अभी तक सामने आई है। सोमवार को परेशान हुआ परिवार अबोहर की मलोट रोड़, सीड फार्म व अन्य स्थानों पर सुमन एवं उसके परिवार को ढूंढ रहा था, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।