Breaking News
Loading...

कट्टरवादी ताकतों को कमज़ोर करने के लिए 13000 लोगों की काटी दाढ़ी, लड़कियां स्कॉर्फ ना बांधने के लिए किया राजी


    नई दिल्ली।। तजाकिस्तान में पुलिस ने 13000 पुरुषों की दाढ़ी कटवा दी है। मध्य एशिया के इस मुस्लिम बहुल देश में पारंपरिक मुस्लिम परिधान बेचने वाली करीब 160 दुकानों को भी बंद करा दिया गया है। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक तजाकिस्तान सरकार कट्टरवादी ताकतों को कमज़ोर करने के लिए ऐसी पहल कर रही है।
     दक्षिण पश्चिम खतलून क्षेत्र के पुलिस प्रमुख बहरूम शरीफजोड़ा ने बताया है कि 1700 लड़कियों को भी सिर पर स्कार्फ नहीं बांधने के लिए प्रशासन ने राजी कर लिया है। बता दें कि बीते साल सितंबर में तजाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने देश की एकमात्र इस्लामिक पार्टी को भी बैन कर दिया। सरकार ने इस्लामिक पार्टी ऑफ तजाकिस्तान को अतिवादी तत्वों को बढ़ावा देने वाला बताया था। 
     तजाकिस्तान सरकार ये सब पहल इसलिए कर रही है जिससे कि चरमपंथी ताकतों का असर नगण्य किया जा सके। इसके अलावा तजाकिस्तान सरकार पड़ोसी राष्ट्र अफगानिस्तान की अतिवादी परंपराओं का प्रभाव भी अपने देश पर नहीं पड़ने देना चाहती। पिछले हफ्ते देश की संसद ने अरेबिक नामों को विदेशी करार देने और मुसलमानों में प्रचलित करीबी रिश्तेदारों के बीच होने वाली शादियों पर बैन लगाने के पक्ष में वोट दिया था। हालांकि अभी इस प्रस्तावित बैन को राष्ट्रपति इमामाली रहमून से स्वीकृति मिलना बाकी है।