Breaking News
Loading...

शाहरुख़ ख़ान-सलमान ख़ान जूते पहन कर ”मंदिर” में घुसे थे - केस दर्ज


     मुंबई।। सलमान खान और शाहरुख खान मुश्किल में आ गए हैं। जूते पहने हुए मंदिर में शूटिंग करने के मामले में दोनों के खिलाफ केस को कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। इससे दोनों अभिनेताओं की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।दरअसल ये दोनों अभिनेताओं के लिए सिर मुंडाते ही ओले पड़ने जैसा मामला है। पिछले साल लंबे समय बाद दोनों अभिनेताओं के रिश्तों पर बरसों से पड़ी बर्फ पिघली। कई साल से दोनों के बीच बातचीत बंद थी। लेकिन सलमान की फिल्म बजरंगी भाईजान के समय दोनों में सुलह हुई। शाहरुख ने सलमान की फिल्म का टीजर अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया। ये सिलसिला और आगे बढ़ा।इसके बाद शाहरुख अपनी फिल्म दिलवाले के प्रचार के लिए सलमान के शो बिग-बॉस में पहुंचे। शो के आयोजकों को लगा कि दोनों को इनकी हिट फिल्म कर-अर्जुन के एक सीन की तरह शो के सेट पर मिलाया जाए।दोनों अभिनेताओं को काली मां के मंदिर में मिलाने का फैसला हुआ। इसलिए शो में दोनों को काली मां के मंदिर में मिलते हुआ दिखाया गया। लेकिन एक गलती यहां सबसे हो गई। इस गलती की वजह रही इस सीन को तकनीक के जरिए स्टूडियो में ही फिल्माए जाने के कारण।दोनों अभिनेताओं ने इस सीन के दौरान जूते नहीं उतारे।
     पिछले साल दिसंबर में जबशो के दौरान दोनों अभिनेताओं को मंदिर में जूते पहने देखा गया तो इस पर हिंदू संगठन भड़क गए। दोनों अभिनेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर भी खूब हल्ला हुआ। तब ये मामला धीरे-धीरे शांत हो गया। लेकिन अब इस मामले को लेकर दोनों अभिनेताओं को मुश्किल का सामना करना पड़ सकता है।उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ में हिंदू महासभा के एक सदस्य ने शाहरुख, सलमान और टीवी चैनल (जिस पर शो का प्रसारण हुआ) के खिलाफ धार्मिक भवानाओं का मामला दर्ज करने के लिए कोर्ट में दरख्वास्त दी थी। सीजेएम कोर्ट ने इसको स्वीकार कर लिया है।इस मामले में कोर्ट नें 18 जनवरी की तारीख सुनवाई के लिए नियत की है। सलमान के लिए ये मुश्किलें कुछ ज्यादा ही हैं।सलमान खान अपने ऑनलाइन शॉपिंग पॉर्टल के नाम को लेकर भी खान मार्किट एसोसिएशन (दिल्ली) के निशाने पर हैं। उनको एसोसिएशन नाम ना बदलने पर कानूनी कार्रवाई की धमकी दे चुकी है।