समाजवादी पार्टी के विधायक ने गुड्डू पंडित पर क्रॉस वोटिंग का आरोप लगाया, जिसके बाद विधानसभा में हंगामा शुरू हो गया. वोटिंग के दौरान सपा विधायक हाजी जमीरुल्लाह खान और बीजेपी विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया के बीच तू-तू मैं-मैं हो गई. बीचबचाव के बाद दोनों शांत हुए.झारखंड में तीन विधायकों के खिलाफ अरेस्ट वारंट
झारखंड में तीन विधायकों के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी कर दिया गया है. विशनपुर के झामुमो विधायक चमरा लिंडा, बड़कागांव से कांग्रेस के निर्मला देवी और पांकि से कांग्रेस के देवेंद्र सिंह के खिलाफ वारंट जारी किया गया है. कांग्रेस प्रवक्ता अजय कुमार ने कहा कि ये राजनीतिक साजिश है, जिससे कि ये लोग वोट न कर पाएं. कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी.
राज्यसभा चुनाव में कुछ सीटों पर मुकाबला रोचक हो सकता है. खासतौर पर उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और हरियाणा की कुछ सीटों पर नजर रहेगी. वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कपिल सिब्बल और वरिष्ठ वकील आर के आनंद समेत कई जानेमाने उम्मीदवारों के भाग्य का आज फैसला होगा. कुछ राज्यों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर होगी.
