उत्तर प्रदेश के बहराइच में केन्द्रीय मंत्री श्रीपद नायक ने कहा कि कैराना में बहुसंख्यक समुदाय के कथित पलायन के मामले पर खुद प्रधानमंत्री नजर रख रहे हैं और केन्द्र की ओर से तीन केन्द्रीय मंत्रियों का दल जल्द ही कैराना का दौरा कर वस्तु स्थिति की जानकारी लेगा।जानकारी के अनुसार, भाजपा की आठ सदस्यीय एक टीम आज करैना पहुंचे वाली है, जो वास्तविक स्थिति का जायजा लेगी। केन्द्रीय आयुष एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीपद नायक मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर बहराइच में थे।
लोक निर्माण विभाग के अतिथि भवन में पत्रकारों से बातचीत में केन्द्रीय मंत्री ने कैराना प्रकरण को काफी चिंताजनक बताते हुए कहा कि इस मामले पर खुद प्रधानमंत्री नजर रख रहे हैं और केन्द्र की ओर से तीन केन्द्रीय मंत्रियों का दल जल्द ही कैराना का दौरा कर वस्तुस्थिति की जानकारी लेगा।
उन्होंने कहा कि कैराना और मथुरा के जवाहरबाग की घटनाएं इस बात की सूचक है कि यूपी में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।उन्होंने मथुरा के जवाहरबाग काण्ड में मारे गये पुलिसकर्मियों के परिजनों को प्रदेश सरकार की ओर से आर्थिक सहायता को उन्होंने दिखावा बताया। उन्होंने कहा कि पैसे देने से किसी की जान की क्षतिपूर्ति नहीं हो सकती है।
