Breaking News
Loading...

सरकारी अस्पतालों में प्राइवेट वार्ड जल्द खत्म होंगे - सीएम केजरीवाल

    दिल्ली सरकार के तमाम सरकारी अस्पतालों में प्राइवेट वार्ड जल्द खत्म हो जाएंगे। सभी वार्ड को एक जैसा किया जाएगा। रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रोहिणी में डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन के मौके पर यह जानकारी दी।
    उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का इलाज भी सामान्य वार्ड में होगा। उन्होंने दिल्ली सरकार के अस्पतालों में गरीब-अमीर के इलाज में भेदभाव नहीं होगा। सभी को एक जैसा इलाज मिलेगा। उन्होंने रिकॉर्ड समय में मेडिकल कॉलेज का निर्माण करने के लिए अधिकारियों को बधाई दी।
    उन्होंने कहा कि यह अविश्वसनीय है कि दिल्ली में पिछले 60 साल में कोई नया मेडिकल कॉलेज नहीं बना। आम आदमी पार्टी ने अपने छोटे कार्यकाल में 100 सीटों के क्षमता वाले मेडिकल कॉलेज का निर्माण कर दिया। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली औद्योगिक तौर पर तो विकसित नहीं कर सकते लेकिन हम चाहते हैं कि दिल्ली शिक्षा का हब बने। उन्होंने कहा कि सरकार कोशिश करेगी कि शिक्षा के ज्यादा-ज्यादा छात्र दिल्ली का रुख करें। उन्होंने यह भी कहा कि इस मेडिकल कॉलेज की सीटों को मिलाकर कुल सीटों की संख्या 1000 होगी। यह काफी कम है।
    उन्होंने कहा कि इसमें 485 सीटें दिल्ली के छात्रों को मिलेंगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेज तो काफी पहले तैयार हो गया था लगभग एक साल पहले लेकिन मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) से अनुमति न मिल पाने से यह शुरू नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने बेहद कम समय में दिल्ली के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए 100 मोहल्ला क्लीनिक को शुरू कर दिया है और अगले छह महीने में बाकी की मोहल्ला क्लीनिक भी शुरू हो जाएंगी। गौरतलब हो सरकार ने 1000 मोहल्ला क्लीनिक शुरू करने का लक्ष्य रखा है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन समेत दिल्ली सरकार के तमाम बड़े अधिकारी और मेडिकल कॉलेज के अधिकारी मौजूद रहे।