Breaking News
Loading...

अंधविश्वास को रोकने के लिये जब यह महिला पुलिस अधिकारी चल पड़ी अंगारों पर

   मुंगेली/बिलासपुर।। हमारे देश में चलते अंधविश्वास पर आधारित अपराधों को रोकने और जागरुकता लाने के लिए एक महिला एसपी ऐसा काम करके दिखाया जिसे देखकर सब हैरान रह गए। एसपी ने दहकते अंगारों पर नंगे पैर चलकर दिखाया कि ये सब सिर्फ अंधविश्वास है। जादू-टोना के नाम पर अक्सर तांत्रिक लोग दहकते अंगारों पर नंगे पांव चल कर दिखा देते हैं। लेकिन यही काम जब मुंगेली जिले की एसपी नीतू कमल ने करके दिखाया तो लोग चौंक गए। नीतू के साथ अन्य पुलिस अफसरों व कई लोग भी आग पर चले जिनका जादू-टोना से कोई वास्ता नहीं।
      दरअसल, यह पूरा वाकया जिले के भटगांव में अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता के लिए आयोजित कार्यक्रम का है। जिसमें आईजी सिन्हा और एसपी नीथू कमल ने अंगारों पर चलकर बताया कि अंगारों पर चलना कोई चमत्कार नहीं है। जबकि ट्रिक के जरिए अंगारों पर चलना संभव है। अंगारों पर चलने से पहले पैरों को गीला किया जाता है और फिर तेजी से अंगारे पार कर लिए जाते है। ऐसा करने पर पैर नहीं जलते।
     जलते अंगारों पर चलती ये तस्वीरें जांबाज महिला अधिकारी छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले की एसपी नीथू कमल हैं। नीथू कमल अपने पैरों पर ठंडा पानी डालकर नंगे पैर अंगारों को पार कर रही हैं। इस दौरान भीड़ ने भी उनका हौसला बढ़ाया है। सिर्फ नीथू कमल ही नहीं उनके साथ बिलासपुर रेंज के आईजी विवेकानंद सिन्हा भी पैरों पर पानी डालकर इन सुलगते अंगारों पर चलकर दिखाया।
पानी से दीया जलाया
     कार्यक्रम में अंधश्रद्धा उन्मूलन समिति के सदस्य हरिभाऊ पाथेड़े ने स्कूली बच्चों को कई जादू दिखाए। उन्होंने पानी से दीया जलाकर बताया कि बैगा, गुनिया, तांत्रिक इस तरह के चमत्कार दिखा कर भ्रमित करते हैं। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ विज्ञान है। कार्यक्रम में बच्चों ने उनसे कई सवाल पूछे जिनका उन्हें जवाब भी दिया गया। कार्यक्रम में मौजूद एक अन्य एक्टिविस्ट डॉ प्रकाश धोटे ने कहा कि जब भी किसी ढोंगी से सामना हो तो उनसे अपने पैकेट में रखे नोट का नंबर पूछें, वह कभी नहीं बता पाएगा। उन्होंने कहा कि कपूर को हाथ में जलाना, त्रिशूल से जीभ को छेदना, गिलास से गंगाजल निकालना आदि सारे चमत्कार ट्रिक्स पर आधारित हैं।
बॉर्डर पर भेज दें’
     हरिभाऊ ने कहा कि जादू से कोई किसी को मार नहीं सकता, वरना उन्हें देश के बॉर्डर पर भेज देना चाहिए, ताकि वे दुश्मन सैनिकों को जादुई ताकतों से मार गिराएं। भूत-प्रेत कुछ नहीं होता। दरअसल, इसका भ्रम पैदा कर ढोंगी लोग अपना उल्लू सीधा करते हैं।