भाई चौंकिये मत बिहार पुलिस है... दरोगा जी हैं.. बदन पर वर्दी का रौब है...वैशाली जिले के पुलिस कप्तान ने इन महाशय को भेजें हैं जनता की सेवा करने को, लेकिन थानेदार साहब तो लाट साहब बने हुए हैं.
इनकी एय्याशी तो देखिए, किस कदर स्वास्थ्य शिविर के ही टेबल पर लात पर लात चढ़ा कर बैठे हुए हैं. हद तो यह है कि इन्हें इसकी भी तनिक परवाह नहीं है कि इनकी ही बगल में जनता बैठी है, अधिकारी बैठे हैं. जी हां, यह नजारा गुरुवार को जढ़ुआ कर्बला में लगाये गये स्वास्थ्य शिविर में देखने को मिला.
यह शिविर ताजिया जुलूस व पहलाम में यहां आने वाले लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए लगाया गया था, लेकिन नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार स्वास्थ्य शिविर में लगाये गये काउंटर पर पैर रख कर आराम फरमाते नजर आये. इससे पता चलता है कि वैशाली पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को ले कितनी चौकस व चुस्त-दुरुस्त है.
