आपने अपने देश के किसी नेता, मंत्री, विधायक जैसे गणमान्य लोगों के बच्चों को देखा है क्या?सुना तो होगा ही कम से कम, हमारे देश में ये Dialogue फेमस है कि ‘तू जानता नहीं, मेरा बाप कौन है?’. पर क्या किसी बहुत ही बड़े पद पर आसीन व्यक्ति के बच्चे को कहीं छोटी जगह काम करते देखा है, नहीं न? यहां लोग ज़्यादातर अपने बाप के नाम की धौंस झाड़ते दिख जायेंगे.
इसका एक और पहलू भी है. साधारण जीवन जीने का इससे अच्छा उदाहरण क्या हो सकता है कि एक देश के मालिक की बेटी किसी रेस्तरां में काम करना शुरू कर दे. जिसके पास पूरी दुनिया की ऐशो आराम हो, फिर भी वो अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए कहीं और जाकर काम करने लगे, तो आपको कैसा लगेगा सुनकर?
ये कहानी है अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की बेटी साशा ओबामा की. साशा वाइट हाउस की सारी सुख-सुविधाएं छोड़कर एक रेस्तरां में काम कर रही हैं.
Take Away Counter पर काम करने के अलावा साशा का काम यहां टेबल पर कस्टमर को खाना पहुंचाना और लंच के समय रेस्तरां को ठीक करने में मदद करना भी है. इनसे पहले इनकी बड़ी बहन मालिया भी फिल्म के सेटों पर दो बार इंटर्नशिप कर चुकी हैं.
पश्चिमी देशों में सबसे अच्छी बात यही है कि वो अपने सम्मान की परवाह किये बिना ही उनके भविष्य की सोचते हैं. इससे पहले भी बड़े-बड़े सेलेब्रिटी के बच्चे भी कहीं ना कहीं काम कर चुके हैं. डेविड और विक्टोरिया बेकहम के बेटे ब्रुकलिन बेकहम लंदन में फिल्ममेकर गाय रिची के दफ्तर में काम कर चुके हैं.
हमारे देश में अगर किसी का बाप विधायक भी बन गया तो उसका बेटा ही क्या, पूरा खानदान गाड़ी पर विधायक, मंत्री और न जाने क्या-क्या लिखवा लेता है, काम करने में तो उनका स्टेटस ही गिर जाएगा. अब क्या किया जाए, सब शिक्षा और सोच का फर्क है.
