उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक 13 साल की एक बच्ची से रेप का मामला सामने आया है. इस बच्ची को कथित तौर पर डॉक्टर ने तीन दिनों तक अपने क्लीनिक में बंधक बनाकर रखा था. सर्कल ऑफिसर एसकेएस प्रताप ने बताया कि शनिवार को बच्ची डॉक्टर के चंगुल से भागने में सफल हुई. इसके बाद उसने घर जाकर अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी.अधिकारी ने बताया कि लड़की के पिता ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है जिसके आधार पर डॉक्टर सोनू वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने बताया कि डॉक्टर के क्लीनिक से आपत्तिजनक चीज़ें भी बरामद की गई हैं. क्लीनिक को सील कर दिया गया है.
पुलिस के मुताबिक, बच्ची क्लीनिक में कुछ दवाईयां लेने गई थी तभी डॉक्टर ने उसे बंधक बना लिया. लड़की के पिता ने बताया कि बच्ची के लापता होने के बाद उसने ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास के इलाकों में उसकी तलाश भी की थी.
