मां के साथ 35 हजार में खरीदी गई थी बच्ची, मां की भी हत्या

0
Translate News:
      गुजरात के सूरत में 11 साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या के मामले में बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस ने बताया है कि उसी इलाके से तीन दिन बाद मिली महिला की लाश बच्ची की मां की हो सकती है. इसके अलावा पुलिस को ऐसे सबूत मिले हैं कि आरोपी ने मां और बच्ची को बंधुआ मजदूरी के लिए 35 हजार रुपये में खरीदा था.
     मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच की टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और बच्ची की लाश को फेंकने में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है. आरोपियों में कार का मालिक और मुख्य साजिशकर्ता शामिल हैं.
     पुलिस ने कार मालिक की पहचान तो उजागर नहीं की है, हालांकि मुख्य साजिशकर्ता की पहचान राजस्थान के सवाई माधोपुर के रहने वाले हर्ष साई गुर्जर के रूप में की है. पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान कार मालिक ने बच्ची की लाश को ठिकाने लगाने में अपनी कार के इस्तेमाल की बात स्वीकार कर ली है.
      कार मालिक की निशानदेही पर ही मुख्य साजिशकर्ता हर्ष गुर्जर और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने बताया कि घटना से एक दिन पहले के सीसीटीवी फुटेज में घटनास्थल के करीब से दो कारें- मारुति वैगन-आर और शेवर्ले स्पार्क- गुजरती दिखीं. शेवर्ले स्पार्क के मालिक को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की गई तो उसने सारा राज उगल दिया.
     पुलिस ने बताया कि हर्ष गुर्जर को हाल ही में सूरत के कामरेज में मानसरोवर परियोजना का कांट्रैक्ट मिला था. इसी काम के लिए हर्ष गुर्जर सवाई माधोपुर से कई मजदूरों को लाया था. अपने एक दोस्त के जरिए आरोपी को महिला की खराब आर्थिक हालत के बारे में पता चला था. आरोपी 35 हजार रुपये देकर महिला को काम के लिए सूरत ले आया और कामरेज में उसे एक किराए का कमरा भी दिलाया.
आरोपी की पत्नी ने बच्ची के साथ की थी मारपीट
      इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी हर्ष गुर्जर की पत्नी को जब पता चला कि उसके पति ने एक महिला को किराए का कमरा दिलवाया है तो उसने अपने पति के साथ झगड़ा भी किया. पूलिस सूत्रों के मुताबिक, बच्ची को आरोपी अपने घर ले गया था, जिसे लेकर पत्नी के साथ उसका फिर से झगड़ा हुआ. वास्तव में आरोपी की पत्नी ने मासूम बच्ची की बेरहमी से पिटाई की और उसके गुप्तांग को भी जख्मी कर दिया.
      पत्नी के झगड़े से तंग आकर आरोपी हर्ष गुर्जर ने अपने भाई के साथ मिलकर बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद अपने दोस्त की शेवर्ले स्पार्क मांगी, जिसमें रखकर उसने बच्ची की लाश को पांडेसरा इलाके में ठिकाने लगा दिया. घटना के बाद से आरोपी सवाई माधोपुर में ही छिपा हुआ था.
      साथ ही पुलिस के सूत्रों का कहना है कि आरोपी ने पहले महिला के साथ रेप किया, फिर उसकी हत्या कर दी. जबकि बच्ची के साथ दो दिन बाद मारपीट और रेप की वारदात हुई. हालांकि बच्ची कि लाश को हत्या करने के तुंरत बाद ही फेंक दिया गया था. जबकि महिला का लाश को हत्या करने के चार दिन बाद जलाकर फेंका गया.
     हालांकि पुलिस अब पांडेसरा इलाके में तीन दिन के अंतराल पर मिली बच्ची और महिला की लाश का DNA टेस्ट करवा रही है, ताकि उनके बीच मां-बेटी के रिश्ते की पुष्टि हो सके.

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)
Loading...

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top