भाजपा के आंध्र प्रदेश अध्यक्ष के हरि बाबू ने पद से इस्तीफा दे दिया है. उनके इस्तीफे को लेकर पहले से संभावनाएं जताई गई थीं। हरि बाबू ने इस्तीफा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को भेज दिया है। उनके इस कदम को पार्टी में बदलाव और नई नीतियां लाने के तहत उठाए जा रहे कदमों से जोड़कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि पार्टी हरि बाबू को कोई दूसरा वरिष्ठ पद दे सकती है। टीडीपी के अलग होने के बाद पार्टी प्रदेश में बदलाव चाहती थी। पकड़ मजबूत करने के लिए पार्टी ने नई रणनीति पर काम करना शुरू किया है। हरि बाबू के इस्तीफे के बाद प्रदेश अध्यक्ष के लिए जो नाम चर्चा में हैं उनमें विधानपरिषद सदस्य सोमू वीर राजू, विधायक और पूर्व मंत्री पी मानिकला राव, पूर्व कांग्रेस नेता कन्ना लक्ष्मीनारायण और यूपीए सरकार में पूर्व केंद्रीय मंत्री डी पुरंदेश्वरी शामिल हैं।लक्ष्मीनारायण और पुरंदेश्वरी दोनों साल 2014 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में आ गए थे। हालांकि कहा जा रहा है कि कापू समुदाय के सोमू वीर राजू और पी मानिकला राव प्रदेश अध्यक्ष पद के सबसे मजबूत दावेदार हैं। पार्टी को लेकर भी चर्चा यही है कि वह कापू समुदाय से ही किसी को अध्यक्ष पद दे सकती है। उधर, मध्य प्रदेश में भी भाजपा के अध्यक्ष पद को लेकर फिर अटकलें तेज हैं। चर्चा है कि चुनाव के ऐन मौके पर भाजपा ने जो काम 2008 और 2013 में किया, वही इस बार फिर किया जा सकता है। कहा जा रहा है कि इस बार भी मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह की विदाई हो सकती है।
