Breaking News
Loading...

पीएम को मस्जिदों में इबादत करने का वक्त है लेकिन रामजन्भूमि मे शीश नवाने का समय नहीं - तोगड़िया

     अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने पीएम मोदी और उनकी सरकार पर सियासी हमला बोलते हुए उन पर राम मंदिर निर्माण के लिए वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। मीडिया से बातचीत में तोगड़िया ने पीएम मोदी पर सीधा हमला बोलते कहा कि हमारे पीएम को दुनियां भर के मस्जिदों में घूम-घूमकर इबादत करने का वक्त है लेकिन रामजन्भूमि अयोध्या मे शीश नवाने का समय नहीं है। तोगड़िया का आरोप है कि पीएम मोदी ने विकास के मुद्दे की तरह ही राम मंदिर निर्माण को भी सिर्फ जुमलेबाजी तक ही सीमित कर दिया है। 
     डॉ. प्रवीण तोगड़िया का कहना है कि मोदी की अगुवाई वाली केंद्र की सरकार कतई हिन्दुओं की सरकार नहीं है, क्योंकि इसने हिन्दुओं के लिए कोई भी काम नहीं किया है। पीएम मोदी विदेशों में मस्जिदों व दरगाहों पर जाकर माथा टेकते हैं, जबकि अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए उनके पास वक्त नहीं है। तोगड़िया का दावा है कि उनका संगठन 20 करोड़ हिन्दुओं के दस्तखत वाला एक मांग पत्र तैयार करा रहा है।
     इसी क्रम में आगे तोगड़िया ने कहा कि भाजपा के कई बड़े नेता हमारे संपर्क में हैं। समय आने पर 'भारतीय जुमला पार्टी' (भाजपा) को जवाब दूंगा। साथ ही कहा कि राम मंदिर मुद्दे पर कई नेताओं की बातचीत का आडियो मेरे पास है। इसे जनता के सामने लाऊंगा और इन झूठ बोलने वालों की पोल खोलूंगा।
     उन्होंने अल्टीमेटम दिया है कि अगर पीएम मोदी और उनकी सरकार ने चार महीने के अंदर संसद के संयुक्त सत्र में मंदिर निर्माण का क़ानून पास नहीं किया तो वह लाखों राम भक्त समर्थकों के साथ अक्टूबर महीने में फिर से अयोध्या कूच करेंगे। तोगड़िया का कहना है कि अयोध्या कूच का कार्यक्रम 1992 की कारसेवा की तर्ज पर होगा, जो यूपी की राजधानी लखनऊ से शुरू किया जाएगा।