Breaking News
Loading...

भय्यू जी की बेटी बोली- आयुषी को मां नहीं मानती उसे जेल में डाल दो

     आध्यात्मिक गुरु भय्यू जी महाराज ने खुद को गोली मार कर खुदकुशी कर ली. पुलिस की प्राथमिक जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आ रही है. वहीं, पुलिस को दिए बयान में पत्नी-बेटी ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं.
     पुलिस को दिए बयान में भय्यू जी महाराज की बेटी कुहू ने कहा कि, "मैं डॉ. आयुषी को अपनी मां नहीं मानती. उन्हीं के कारण परेशान होकर पिता ने यह कदम उठाया. उन्हें जेल में बंद कर दीजिए."
     वहीं, भय्यू जी महाराज की पत्नी डॉक्टर आयुषी ने बयान में कहा कि कुहू को मैं और मेरी बेटी पसंद नहीं थी. इसलिए बेटी के जन्म के बाद ही मैं अपनी मां के घर रहने चली गई थी, क्योंकि कुहू यहां रहने वाली थी. कुहू के पुणे जाने के बाद कुछ दिन पहले ही मैं इंदौर आई थी और मैं और भय्यू महाराज अच्छे से रह रहे थे.
     बताया जा रहा है कि मंगलवार को करीब 11 बजे जब भय्यू महाराज बेटी कुहू के कमरे में पहुंचे तो वह अस्त-व्यस्त मिला. उन्होंने पत्नी आयुषी से कहा कि कुहू आने वाली है. इसे लेकर दोनों के बीच बहस भी हुई. इसके बाद भय्यू महाराज ने नौकरों से कमरा व्यवस्थित कराया.
     भय्यू जी महाराज के घर काम करने वाले नौकर और सेवादार ने भी पत्नी और बेटी के बीच विवाद की बात बताई. उन्होंने कहा कि हर बात पर वे पत्नी से ज्यादा बेटी का पक्ष लेते थे. इसी पर दोनों में विवाद भी होते थे. भय्यू महाराज पहली पत्नी से हुई बेटी कुहू से बहुत प्यार करते थे. दूसरी शादी होने के बाद बेटी ने उनसे दूरी बना ली थी. दूसरी पत्नी से उनकी तीन महीने की बेटी है. कुहू पुणे से मंगलवार को ही इंदौर आई थी.
    पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि भय्यू महाराज की दूसरी शादी की कुहू को जानकारी ही नहीं थी. वह शादी में भी नहीं आई थी. बाद में पता चलने पर कुहू ने घर में विवाद किया.