कुंभ से पहले इलाहाबाद का नाम बदलना लगभग तय ?यूपी में योगी सरकार आने के बाद से शहरों के नाम बदलने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में अब कुंभ के लिए मशहूर इलाहाबाद को नया नाम देने के लिए यूपी सरकार के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने राज्यपाल को पत्र लिखा है। उन्होंने इलाहाबाद का नाम बदलकर 'प्रयाग' करने की सिफारिश की है।
स्वास्थ्य मंत्री ने इलाहाबाद का नाम बदलने के पीछे तर्क दिया है कि इलाहाबाद से हिंदुओं का खास जुड़ाव रहा है। साथ ही इलाहाबाद का पौराणिक नाम प्रयागराज है। इसलिए इसका नाम बदलकर प्रयागराज करने पर विचार करने की मांग की है। इसके अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयाग करने की बात कर चुके हैं। केशव मौर्या ने कहा था कि इलाहाबाद की पहचान तीन नदियों के संगम की वजह से है, इसलिए इसका नाम 'प्रयाग' होना चाहिए।
इस बात की पूरी संभावना है कि योगी सरकार कुंभ मेले से पहले इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयाग कर देगी। ज्ञात हो कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के नेतृत्व में हिंदू संतों के एक समूह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज रखने की मांग की थी।
इसके अलावा मौजूदा केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह 2001 में जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, उन्होंने इलाहाबाद के प्रयागराज के नाम रखने की कोशिश की थी, लेकिन अमलीजामा नहीं पहना सके थे।
