पालिका में जासुसी के लिए तहसीलदार को दिया ईओ का चार्ज - पालिकाध्यक्ष भोजावत
Headline News
Loading...

Ads Area

पालिका में जासुसी के लिए तहसीलदार को दिया ईओ का चार्ज - पालिकाध्यक्ष भोजावत

कांग्रेस पार्षद लता चौबीसा व नगर अध्यक्ष सुन्दरलाल लिखमावत पर भी लगाएं आरोप
  उदयपुर/राजस्थान।। भीण्डर नगर पालिका अध्यक्ष निर्मला भोजावत ने गुरूवार को प्रेसवार्ता करके पालिका के कामों में विधायक द्वारा रोड़ें लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भीण्डर तहसीलदार को पालिका में जासुसी के लिए ईओ का चार्ज दिलाया है। वहीं वल्लभनगर विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत पर आरोप लगाते हुए विधायक को भी विकास में बाधक बताया और विकास के लिए एक भी रूपये का बजट नहीं देने का आरोप लगाया। वहीं कांग्रेस पार्षद लता चौबीसा व नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुन्दरलाल लिखमावत पर भी आरोप लगाएं। प्रेसवार्ता के दौरान जनता सेना संरक्षक व पूर्व विधायक रणधीर सिंह भीण्डर, उपाध्यक्ष मगनीराम रेगर उपस्थित थे।
  पालिकाध्यक्ष निर्मला भोजावत ने कहा कि भीण्डर नगरपालिका में जनता सेना का बोर्ड बने हुए लगभग दो साल होने आये हैं परन्तु इन दो सालों में नगरपालिका को सुचारु रुप से वर्तमान कांग्रेस विधायक ने चलने नहीं दिया। विधायक का काम विकास कार्य करवाना है, परन्तु विधायक ने विकास के लिए पैसा देना तो दूर, जो काम नगरपालिका मद से करवाये जा रहे हैं उनको भी रुकवाने का काम किया है। चुनाव में नगरपालिका से लेकर बोरतलाई तक रोड डिवाइडर बनाने का वादा किया था। उसी अनुसार काम चालू करवाया था। इसमें पूर्व में पीडब्ल्यूडी को पत्र भी लिख दिया था और रोड चौड़ी करने की भी बात हुई थी। परन्तु ना केवल काम रुकवा दिया गया बल्कि बने हुए डिवाइडर को भी ईओ पर दबाव डलवाकर तुड़वा दिया। आरोप यह लगाया जा रहा है कि ठेकेदार को फायदा पहुँचाया जबकि ठेकेदार को एक भी पैसा इस कार्य के लिए नहीं दिया गया। सभी अस्पतालों में राज्य सरकार ने ऑक्सीजन प्लांट लगाये परन्तु भीण्डर नगर से सौतेला व्यवहार किया इसलिए नगरपालिका ने अपने मद से लगवाया। भीण्डर में काफी पैसे लगाकर बस स्टेन्ड बनाया गया था परन्तु प्राइवेट बस चालकों व स्थानीय लोगों के विरोध के चलते काम में नहीं आ रहा है। उसमें कुछ बदलाव कर मैरिज गार्डन बनाने हेतु टेन्डर किये थे वे भी निरस्त करवा दिये।
  थाने के आगे बस स्टेन्ड तक नाला प्रस्तावित था उसका भी टेन्डर नहीं करने दिया गया। सब्जी मंडी पर भी काफी पैसा लगाकर निर्माण किया पर सब्जी विक्रेता वहाँ बैठने को तैयार नहीं। नगर की सभी रोड सही करनी है परन्तु जलदाय विभाग की पाइप लाइन बिछनी है, तब तक कार्य रोका गया है। रोड लाइट ठीक करने हेतु गाड़ी क्रय करने का निर्णय लिया तब बताया गया कि स्थानीय निकाय विभाग उपलब्ध करा रहा है इसलिए वहाँ पत्र भेजा है। नगरपालिका बोर्ड के गठन से लेकर अब तक करीब दस ईओ लगाये व हटाये गये।
 
  यहां तक कि उच्च न्यायालय ने भी माना कि बोर्ड के कामों को रोकने के लिए जिस तरह राज्य सरकार कर रही है वो गलत है। इसीलिए स्टे दिया परन्तु उसके बाद भी ईओ को राज्य सरकार से एपीओ करवा दिया। नगरपालिका की पार्षद लता चौबीसा व उनके परिवार ने ना केवल नगरपालिका के बने नाले को दबा लिया है बल्कि रोक के बावजूद बहाव क्षैत्र में निर्माण कर दिया है। इसको हटाने के लिए बार बार कहने के बावजूद विधायक के दबाव में ईओ नहीं हटवा रहे। कांग्रेस के नगर अध्यक्ष सुन्दरलाल लिखमावत ने रास्ता रोक रखा है उनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं बल्कि भीण्डर हॉस्पिटल की जिस जमीन पर रिसीवर नियुक्त है उसमें से भी कब्जा कर रास्ता बना लिया है, जबकि इसका रिसीवर पुलिस विभाग है। पूर्व उप चेयरमेन गिरीश सोनी पर आरोप लगाते हुए कहा कि सोनी ने भी स्वयं द्वारा बेची गई राधा विहार में रास्ता भी बेच दिया वहां 40 फीट की जगह 18 फीट भी रास्ता नहीं छोड़ा। पूर्व में उद्योग लगाने हेतु एक बीघा जमीन जो राज्य सरकार ने बाबूलाल सामोता को दी थी वह पुनः राज्य सरकार ने अपने खाते में लेकर नगरपालिका को दे दी थी उस भूमि पर भी प्रताप सिंह कब्जा कर बैठा है उसे भी नहीं हटाने की हिदायत विधायक ने नगरपालिका अधिकारियों को दे रखी है। डिस्कवरी स्कूल के मालिकों ने तो स्टेट हाइवे पर अपने भवन का रैम्प बना रखा है वह भी ना तो पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को दिखता है ना नगरपालिका के अधिकारियों को।   अभी वर्तमान में भी नगरपालिका की जमीन पर एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता निर्माण करवा रहे हैं उनको रोकने के लिए नोटिस भी दिया पर काम नहीं रोका और करीब करीब पूरा हो गया है, उसकी भी शिकायत जिलाधीश से की तब उन्होंने गिराने का आदेश दिया है। नगरपालिका ने गोशाला निर्माण के लिए भूमि चयन कर काम करने की सोची उसे भी रुकवा दिया। नगरपालिका ने कॉलेज के लिए भूमि देने हेतु पत्र दिया परन्तु उसे भी हीन्ता पंचायत में बनवा दिया और इसी तरह उपजिलाधीश कार्यालय व एडीजे कोर्ट भी वहीं बनवाने की मंशा विधायक की है। जबकि यह भूमि भीण्डर से 5 किलोमीटर दूर है। इन सब परिस्थितियों में भी नगरपालिका बोर्ड जनता की भलाई के लिए कार्य करने को तत्पर है और किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। इसके लिए किसी भी स्तर पर जाना पड़े जनता सेना का यह बोर्ड जायेगा व भीण्डर की जनता की निरंतर सेवा करेगा।
इनका कहना -
  हमारा काम हैं वल्लभनगर विधानसभा का विकास करना, ये ही हमारा विजन हैं, विपक्षियों का काम हैं आरोप लगाना। वल्लभनगर विधानसभा की जनता देख रही हैं जनता ही इसका जवाब देगी।
प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत, विधायक वल्लभनगर

Post a Comment

0 Comments