रतलाम पुलिस की बड़ी सफलता: सराफा व्यापारी से हुई ₹5.5 करोड़ की सनसनीखेज लूट का 48 घंटे में खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार
रतलाम (मध्य प्रदेश)। रतलाम पुलिस ने थाना बिलपांक क्षेत्र में सराफा व्यापारी के साथ हुई करोड़ों रुपये की लूट की घटना का त्वरित एवं सफल पर्दाफाश करते हुए 06 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए 4.167 किलोग्राम सोने के आभूषण एवं 4.047 किलोग्राम चांदी के आभूषण (कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹5.5 करोड़) बरामद कर लिए हैं।
बस में घेराबंदी कर दिया था वारदात को अंजाम
फरियादी अर्पित चोरड़िया (निवासी जैन कॉलोनी, रतलाम) बड़नगर में सोने-चांदी के आभूषणों का व्यापार निपटाकर 13 अगस्त 2026 की रात बस से रतलाम लौट रहे थे। उमरथाना फंटा के पास बस में पहले से मौजूद दो बदमाशों ने उनका बैग छीनने का प्रयास किया। व्यापारी द्वारा विरोध करने पर 3 अन्य साथियों ने मारपीट कर बैग लूट लिया और फरार हो गए। फरियादी की शिकायत पर बिलपांक थाने में अपराध क्रमांक 534/2026, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमों का गठन किया। 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले गए और साइबर सेल की मदद से डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। 15 अगस्त को सूचना मिली कि आरोपी हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में छिपे हैं। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिन्होंने कड़ाई से पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया।
बरामद मशरूका (कुल कीमत ~ ₹5.5 करोड़)
सोने के जेवरात: 238 नग, वजन 4.167 किलोग्राम (कीमत लगभग ₹5.32 करोड़)
चांदी के जेवरात: 183 नग, वजन 4.047 किलोग्राम (कीमत लगभग ₹9 लाख)
गिरफ्तार आरोपी
राहुल गुर्जर (24 वर्ष) — निवासी ग्राम ऊनी, थाना बिलपांक, रतलाम
अभिजीत उर्फ अभय गुर्जर (22 वर्ष) — निवासी ग्राम ऊनी, रतलाम
यशवंत गुर्जर (28 वर्ष) — निवासी बालागंज, मंदसौर
राहुल उर्फ वीर गुर्जर (25 वर्ष) — निवासी दिलीपनगर, रतलाम
रवि उर्फ बबला गुर्जर (27 वर्ष) — निवासी ग्राम जमुनिया, रतलाम
मोहम्मद उमर उर्फ पप्पू (42 वर्ष) — निवासी आनंद कालोनी, रतलाम
फरार आरोपी: रोहित नायक (रतलाम) एवं गौरव गुर्जर (इंदौर) की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
सराहनीय भूमिका एवं पुरस्कार
प्रकरण के त्वरित खुलासे में बिलपांक थाना प्रभारी निरीक्षक अय्यूब खान, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक जीवन बारिया, निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम, निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, बड़नगर थाना प्रभारी डीएसपी कमलेश सिंगार सहित पूरी पुलिस व साइबर टीम की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने पूरी टीम को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।


