UGC रेगुलेशन-2026 के खिलाफ सवर्ण समाज का हल्लाबोल: क्षेत्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत दिखे आक्रामक
नई दिल्ली: यूजीसी (UGC) रेगुलेशन एक्ट-2026 की कथित विसंगतियों और इसे पूरी तरह वापस (रोलबैक) लेने की मांग को लेकर समस्त सवर्ण समाज ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस मुद्दे पर क्षेत्रीय करणी सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत (पूर्व BSF) बेहद आक्रामक रुख में नजर आ रहे हैं।
सामान्य वर्ग के अधिकारों की रक्षा और यूजीसी रेगुलेशन के विरोध में पूरे देश में एक बड़े राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान का आगाज किया गया है।
15,000 किलोमीटर की विशाल जनजागरण वाहन यात्रा शुरू
अभियान के तहत 5 अगस्त से 15,000 किलोमीटर लंबी जनजागरण वाहन यात्रा की शुरुआत की जा चुकी है। यह विशाल यात्रा राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत देश के कई प्रमुख राज्यों के विभिन्न जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान जगह-जगह जनसंवाद, चौपाल, पंचायत, सम्मेलन और प्रेस वार्ताओं का आयोजन कर लोगों को इस कानून के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
23 अगस्त को दिल्ली में होगी "सवर्ण आक्रोश महापंचायत"
इस राष्ट्रव्यापी यात्रा का समापन 23 अगस्त को नई दिल्ली के प्रतिष्ठित शाह ऑडिटोरियम में होगा। यहाँ "यूजीसी रोलबैक सवर्ण आक्रोश महापंचायत" का आयोजन किया जाएगा, जो दोपहर 1:15 बजे से शुरू होगी।
"इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षाविदों और सामान्य वर्ग के हर नागरिक तक यूजीसी रेगुलेशन-2026 की कमियों को पहुंचाना और उन्हें जागरूक करना है।"
— डॉ. राज सिंह शेखावत, राष्ट्रीय अध्यक्ष (क्षेत्रीय करणी सेना)
देशभर के नागरिकों से महापंचायत में पहुंचने की अपील
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने देशभर के सवर्ण समाज और आम नागरिकों से एकजुट होने का आह्वान किया है। उन्होंने अपील की है कि 23 अगस्त को दिल्ली के शाह ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाली "सवर्ण आक्रोश महापंचायत" में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करें।

