कासगंज: प्रेमी संग लाखों के जेवर लेकर फरार हुई युवती की हत्या, पीछा छुड़ाने और नकदी हड़पने के लिए बॉयफ्रेंड ने दोस्तों संग मिलकर काटा गला
कासगंज : यूपी के कासगंज जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां अपनी शादीशुदा जिंदगी का सपना देखकर प्रेमी के पास पहुंची 18 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या कर दी गई। युवती अपनी बड़ी बहन की शादी के लिए घर में रखे लाखों रुपए और जेवर लेकर प्रेमी के पास भागकर आई थी। लेकिन बॉयफ्रेंड ने पीछा छुड़ाने और पैसों के लालच में अपने 3 दोस्तों के साथ मिलकर युवती की हत्या कर दी। पुलिस ने घटना का सनसनीखेज खुलासा करते हुए बॉयफ्रेंड समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी के जेवर और नकदी लेकर निकली थी घर से
मामला कासगंज के शहर कोतवाली इलाके के अशोक नगर गांव का है। मृतका नेहा (18) मंगलवार रात अपने परिवार के सोने के बाद घर से अचानक गायब हो गई थी। परिजनों के अनुसार, नेहा अपनी बड़ी बहन निशा (जिसकी अक्टूबर में शादी तय थी) को नशीला पदार्थ खिलाकर घर में रखे करीब 1 लाख 35 हजार रुपए और सोने-चांदी के जेवर लेकर निकली थी।
बुधवार तड़के जब परिजनों ने देखा कि नेहा घर पर नहीं है तो उसकी तलाश शुरू की गई। गांव से करीब 500 मीटर दूर एक ट्यूबवेल की छत पर नेहा का गला कटा हुआ शव बरामद हुआ, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस का खुलासा: दबाव और पैसों का लालच बना हत्या की वजह
एसपी ओपी सिंह के मुताबिक, पुलिस जांच और आरोपियों से पूछताछ में मुख्य आरोपी समीर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। समीर ने बताया कि उसकी नेहा से 2-3 महीने पहले ही दोस्ती हुई थी। नेहा लगातार उस पर अपने साथ भगा ले जाने का दबाव बना रही थी और ऐसा न करने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रही थी।
समीर को पैसों की जरूरत थी, इसलिए जब नेहा ने उसे बताया कि उसके पास मां की कमेटी के रुपए और जेवर हैं, तो समीर ने उसे सामान के साथ बुलाया। पीछा छुड़ाने और नकदी-जेवर हड़पने के लिए समीर ने अपने दोस्तों—अरशद, अमित और अरसलान के साथ मिलकर हत्या की पूरी पटकथा लिखी।
खौफनाक वारदात: गला घोंटा, फिर चाकू से काटी गर्दन
योजना के मुताबिक, चारों आरोपी नेहा को खेत में बने ट्यूबवेल की कोठरी के पास ले गए। वहां पहले नेहा के ही दुपट्टे से उसका गला घोंटकर उसे बेहोश किया गया, फिर समीर ने चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी।
सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने नेहा के कपड़े, चप्पल, बैग और मोबाइल की सिम जला दी। वे शव को भी जलाने की फिराक में थे, लेकिन किसी गाड़ी की रोशनी देखकर डर गए और शव को ट्यूबवेल की छत पर छोड़कर भाग निकले।
क्राइम सीन पर छूटा हेडफोन बना पुलिस का मुख्य सुराग
वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की 5 टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान क्राइम सीन से पुलिस को एक आरोपी का हेडफोन गिरा हुआ मिला। यही हेडफोन पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग बना और तार से तार जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।
पुलिस ने गुरुवार दोपहर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से नेहा के पास से लूटे गए 1,35,100 रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है और चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
