ऑनलाइन गेमिंग की लत ने बनाया चोर! 5-6 लाख के कर्ज में डूबा तो मालिक के घर पर किया हाथ साफ, 10 लाख के जेवर लेकर फरार; कसारवाड़ी पुलिस ने 48 घंटे में दबोचा
बांसवाड़ा : मोबाइल की एक लत... ऑनलाइन गेमिंग का खतरनाक नशा... और देखते ही देखते भरोसेमंद नौकर बन गया शातिर चोर! कसारवाड़ी में हुई इस सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। विश्वासघात की यह कहानी किसी फिल्मी प्लॉट जैसी है, जिसे जानकर हर कोई हैरान है।
शादी में गया था परिवार, पीछे से नौकर ने कर दिया घर साफ
कसारवाड़ी निवासी कुतुबुद्दीन बोहरा 11 अक्टूबर की शाम को अपना घर बंद करके एक रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। उन्हें क्या पता था कि जिस नौकर को वह अपने परिवार की तरह मानते थे, वही पीठ पीछे उनके घर पर सबसे बड़ा डाका डालने वाला है।
जब परिवार शादी से वापस लौटा, तो घर के अंदर का नजारा देखकर पैरों तले जमीन खिसक गई। घर की अलमारी खुली पड़ी थी और उसमें रखे सोने के दो भारी कंगन, एक कीमती अंगूठी, कुछ आर्टिफिशियल आभूषण और 5,000 रुपए नकद गायब थे। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई। पीड़ित कुतुबुद्दीन ने 15 अक्टूबर को कसारवाड़ी थाने में इसकी औपचारिक रिपोर्ट दर्ज कराई।
एसपी के निर्देश पर बनी स्पेशल टीम, 48 घंटे में सुलझी गुत्थी
मामला 10 लाख रुपए की बड़ी चोरी का था, जिसे देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर जोशी ने तुरंत कड़े एक्शन के निर्देश दिए। थानाधिकारी राजवीर सिंह के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर अपनी जांच का दायरा बढ़ाया। शक की सुई सीधे घर के घरेलू नौकर राहुल (पुत्र गोरसिंह बारिया, निवासी नवा टापरा, कसारवाड़ी) पर घूमी। पुलिस ने जब राहुल को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक और सख्त तरीके से पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर टिक नहीं पाया और उसने गुनाह कबूल कर लिया।
"साहब, ऑनलाइन गेमिंग में 5-6 लाख का कर्ज हो गया था..."
पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल ने जो कारण बताया, उसने पुलिसवालों को भी हैरान कर दिया। राहुल ने रोते हुए कबूला, "साहब, मुझे ऑनलाइन गेमिंग की लत लग गई थी। शुरुआत में कुछ पैसे जीते, फिर लगातार हारने लगा। हालात यह हो गए कि लोगों से पैसे उधार लेकर गेम खेलने लगा और मुझ पर 5-6 लाख रुपए का भारी कर्ज चढ़ गया। कर्ज चुकाने के लिए लोग घर पर आकर धमकाने लगे थे। पैसों की सख्त जरूरत थी, इसलिए मालिक के घर पर ताला लगा देख मुझसे रहा नहीं गया और मैंने यह कदम उठाया।"
10 लाख का माल बरामद, आरोपी गिरफ्तार
कसारवाड़ी पुलिस ने आरोपी राहुल की निशानदेही पर चोरी किया गया पूरा माल—करीब 10 लाख रुपए कीमत के सोने के दोनों कंगन, अंगूठी और नकदी—कुशलतापूर्वक बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। थानाधिकारी और उनकी टीम की इस त्वरित कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
बड़ा सबक
यह घटना हर उस शख्स के लिए चेतावनी है जो अपने घरों में बिना पूरी तस्दीक के घरेलू नौकर रखते हैं और उन पर आंख मूंदकर भरोसा करते हैं। साथ ही, यह आज की युवा पीढ़ी को अपनी गिरफ्त में ले रही ऑनलाइन गेमिंग की उस भयानक लत का आईना है, जो हंसते-खेलते परिवारों और युवाओं को अपराध और बर्बादी के दलदल में धकेल रही है।

