गांधी जयंती पर जयपुर के पत्रकारों की हुंकार: राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन, Digital Media के लिए भी वेज बोर्ड की मांग

0
Translate News:

पत्रकारों का राष्ट्रव्यापी मांग दिवस: जयपुर में पत्रकारों ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, नए मीडिया आयोग और सुरक्षा कानून की मांग

जयपुर : महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर, 2026 को इंडियन जर्नलिस्ट यूनियन (IJU) के राष्ट्रव्यापी आव्हान पर राजस्थान पत्रकार परिषद के बैनर तले जयपुर में पत्रकारों ने एकजुट होकर 'राष्ट्रव्यापी मांग दिवस' मनाया। इस दौरान पत्रकारों ने बिरला ऑडिटोरियम स्थित महाराज कैफे में एक विशेष बैठक आयोजित की, जिसमें प्रदेशभर के पत्रकारों की समस्याओं, सुविधाओं और अधिकारों पर गहन मंथन किया गया।

जयपुर में जुटे पत्रकार: राष्ट्रपति से गुहार—'सुरक्षा कानून बने और गठित हो नया मीडिया आयोग'
बैठक के पश्चात पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल जयपुर जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। परिषद के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि स्थानीय स्तर पर पत्रकारों के कल्याण के लिए 10-सूत्रीय मांग पत्र भी तैयार किया गया है, जिसे शीघ्र ही राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सौंपा जाएगा।

ज्ञापन की मुख्य मांगें:

  • नए मीडिया आयोग का गठन: बदलते मीडिया परिदृश्य को देखते हुए एक व्यापक नए मीडिया आयोग के गठन की मांग की गई है, जो 24×7 न्यूज चैनलों, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया से उत्पन्न नियामकीय, तकनीकी व नैतिक चुनौतियों की समीक्षा कर सके।

  • पत्रकार सुरक्षा कानून: पत्रकारों पर बढ़ते हमलों, ऑनलाइन उत्पीड़न, हिरासत और संस्थागत दबाव को रोकने के लिए विशेष केंद्रीय कानून बनाने की मांग की गई है, ताकि पत्रकार बिना किसी भय के निष्पक्ष रिपोर्टिंग कर सकें।

  • वैधानिक अधिकारों की बहाली: नए श्रम कानूनों में कामकाजी पत्रकार अधिनियम, 1955 और 1958 के विशेष प्रावधानों की उपेक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए पत्रकारों के वैधानिक अधिकारों को पुन: बहाल करने की मांग की गई।

  • नया वेतन बोर्ड एवं डिजिटल मीडिया को मान्यता: 2007 में गठित मजीठिया वेज बोर्ड के बाद से कोई नया वेतन बोर्ड नहीं बना है। संगठन ने प्रिंट, ब्रॉडकास्ट और डिजिटल मीडिया कर्मियों को शामिल करते हुए नए वेज बोर्ड के गठन की मांग उठाई। साथ ही, डिजिटल मीडिया को भी प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के समान सरकारी विज्ञापन जारी करने का आग्रह किया।

प्रमुख पदाधिकारियों की उपस्थिति

ज्ञापन सौंपने के दौरान राजस्थान पत्रकार परिषद के प्रदेश अध्यक्ष रोहित कुमार सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष गिरिराज अग्रवाल, महासचिव रमेश यादव, बृहस्पति शर्मा, बाबूलाल सोनी, पवन कुमार, सत्येंद्र शुक्ला, सैय्यद हबीब, विजय केड़िया सहित जयपुर के अनेक वरिष्ठ एवं युवा पत्रकार उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)
Loading...

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top