बांसवाड़ा जिला परिषद चुनाव: अंतिम दिन 80 नामांकन दाखिल, कुल 43 वार्डों के लिए 212 उम्मीदवार मैदान में
बांसवाड़ा जिले में पंचायती राज चुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है।
प्रमुख दलों और निर्दलीयों ने ठोकी ताल
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत सिंह यादव के समक्ष नामांकन के दौरान कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (BJP), भारत आदिवासी पार्टी (BAP), आम आदमी पार्टी (AAP) के अलावा कई निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अपने आवेदन प्रस्तुत किए। राजनीतिक रूप से संवेदनशील इस आंचल में बहुकोणीय मुकाबले के आसार बनते दिख रहे हैं।
किन वार्डों में रही सबसे ज्यादा हलचल?
नामांकन के आंकड़ों के मुताबिक कुछ वार्डों में टिकट के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली है:
वार्ड 4 और वार्ड 22: सर्वाधिक 11-11 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।
वार्ड 32: यहाँ से 10 प्रत्याशियों ने दावेदारी पेश की है।
वार्ड 21: यहाँ 9 उम्मीदवार मैदान में हैं।
वार्ड 29, 27 और 3: इन तीनों वार्डों से 7-7 प्रत्याशियों ने पर्चे भरे हैं।
आगे की क्या है प्रक्रिया?
नामांकन का चरण पूरा होने के बाद अब सभी की निगाहें नामांकन पत्रों की जांच (स्कूटनी) और नाम वापसी की तिथियों पर टिकी हैं। इसके बाद ही यह पूरी तरह साफ हो पाएगा कि चुनावी समर में असल कितने उम्मीदवार आमने-सामने होंगे। बहरहाल, बंपर नामांकन के बाद बांसवाड़ा के ग्रामीण इलाकों में राजनीतिक गतिविधियों और बैठकों का दौर तेज हो गया है।

