राजनीति को बदलने आई आम आदमी पार्टी (AAP) इस मामले को लेकर इतनी उलझ गई, कि अब राजनीति की डोर में रोज फंसती दिखाई दे रही है. विकासपुरी से आम आदमी पार्टी की गिरफ्तारी होने के बाद दिल्ली पुलिस की भूमिका को लेकर आम आदमी का रोष दिखाई दे रहा है, जिस पर पुलिस फिलहाल चुप्पा साधे बैठी है, लेकिन बीजेपी इस पर कह रही है कि इस तरह आम आदमी पार्टी की पर्ते खुलती जा रही है, जिन 67 बेदाग चेहरों का जिक्र वो हर वक्त किया करते थे, उन्ही 67 में से अब 6 की गिरफ्तारी हो चुकी है. जी हां, आम आदमी पार्टी के अब तक 6 विधायक जेल की हवा खा चुके है. चलिए बताते है आपकों कि कौन कौन से है वो विधायक
जितेंद्र तोमरः सरकार बनने के साथ ही आम आदमी पार्टी(AAP) के त्रिनगर से विधायक जितेंद्र तोमर को लेकर सुर्खियां दिखने लगी, बेदाग छवि का दावा करने वाले अरविंद केजरीवाल की किरकिरी तोमर की वजह से काफी हुई, फर्जी डिग्री के मामले में तोमर ने पुलिस के साथ साथ अपनी पार्टी के नेताओं को खूब छकाया था, शिकायत सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं का कहना था कि तोमर के पास पूरे सबूत है, लेकिन सबूत एक के बाद एक करते हुए फर्जी निकले और फिर आखिरकार जितेंद्र तोमर को जेल की हवा खानी पड़ी, अरविंद केजरीवाल की इस सरकार के तोमर पहले विधायक थे जिन्होने जेल की हवा खाई.
मनोज कुमार: कोंडली से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक मनोज कुमार वो दूसरे विधायक थे जिनको दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था. मनोज कुमार पर धोखाधड़ी का आरोप लगा था, जिस पर दिल्ली पुलिस और सरकार बिल्कुल आमने सामने आ गई थी, जिस पर दिल्ली सरकार का दावा रहा कि मनोज कुमार को पुलिस साजिश के तहत गिरफ्तार कर रही है, AAP का कहना था कि मनोज कुमार पर जो भी मामला था वो उनके विधायक बनने से पहले था. लेकिन अब जो कार्रवाई की जा रही है सरकार बनने के बाद की जा रही है.
सोमनाथ भारती: सोमनाथ भारती ने तो अरविंद केजरीवाल और आप की फजीहत 49 दिनों की सरकार के दौरान भी कराई थी, भारती ही वो पहले नेता थे जो दिल्ली पुलिस से खुलेआम तू-तू मैं-मैं करते दिखाई दिए थे, दूसरी बार सरकार बनने पर भी सोमनाथ भारती का पारिवारिक मामला बाहर आ गया था. उनकी पत्नी ने आरोप लगाया था कि सोमनाथ भारती शादी के बाद उन्हे मारते पीटते थे, जिस पर सोमनाथ भारती पर कई धाराएं लगाई गई, लेकिम सोमनाथ भारती गायब हो गए थे. पार्टी की इस मामले पर भी जमकर किरकिरी हुई थी, सोमनाथ भारती को लेकर खुद अरविंद केजरीवाल को कहना पड़ा था कि गिरफ्तार होकर पुलिस का सहयोग करें, तब जाकर भारती पुलिस के हत्थे चढ़ पाए थे.
कमांडो सुरेंद्र: कमांडो सुरेंद्र को एक एनडीएमसी कर्मचारी को ऑन ड्यूटी पीट देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, कमांडो पर आरोप है उन्हे एक एनडीएमसी कर्मचारी के मुंह पर मुक्का मार दिया था
अखिलेश पति त्रिपाठीः पूर्व विधायक की पत्नी से छेड़छाड़ के आरोप में आप के मॉडल टाउन से विधायक अखिलेश पति त्रिपाठी की खबर भी सुर्खियों में रही थी, इसके अलावा एक मामले त्रिपाठी पर आरोप लगा कि अपने दो कार्यकर्ताओं को छुड़ाने के लिए बुराड़ी थाने पर अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पथराव किया था.
महेंद्र यादव : और अब आप के विकासपुरी से विधायक महेंद्र यादव की गिरफ्तारी एक सरकारी कर्माचारी से मारपीट और काम में बाधा पहुंचाने के बाद हुई.
तो इस तरह आम आदमी पार्टी (AAP) के अब तक 6 विधायक गिरफ्तार हो चुके है, मजेदार बात तो ये है कि अभी सरकार का एक साल का वक्त भी पूरा नहीं हो पाया है और 6 विधायक दागदार हो चुके है. अभी तो सरकार का 4 साल से भी ज्यादा वक्त बचा है, ऐसे में आम आदमी पार्टी (AAP) को सोचना चाहिए, अपने विधायकों के बारे में.
