लखनऊ।। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया के आहवान पर उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी के लोग भी जुड़ते जा रहे हैं। वाराणसी के गांव के छात्र ने अनोखा उपयोगी यंत्र बनाया है जिसकी सहायता से आप चंद मिनट तक साइकिल चलाकर मोबाइल चार्ज कर सकेंगे।अगर आप कहीं घूमने जा रहे हैं तो जरूरी नहीं है कि कार में ही आप मोबाइल चार्ज कर सकें। अब तो आपका मोबाइल साइकिल से भी चार्ज हो सकेगा। यह करिश्मा किया है लगातार बिजली कटौती की समस्या से परेशान एक छात्र ने किया है। वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के कटारी गांव के छात्र अश्विनी ने एक ऐसा तरीका ढूंढ निकाला है। जिससे अब मोबाइल चार्ज करना बस साइकिल चलाने जैसा आसान होगा। अश्विनी कुमार ने साइकिल चलाने से बिजली पैदा करने का यंत्र को खोज निकाला है। इंटर का छात्र अश्विनी गरीब परिवार का है। उसने तीन महीने पहले चलती साइकिल से कुछ बिजली बनाने की योजना तो तैयार कर ली, लेकिन उचित संसाधन और धन की कमी के चलते वह अपने आविष्कार को अंजाम तक नहीं ला पा रहा था।
अश्विनी ने घर में पड़े कबाड़ का प्रयोग करते हुए साइकिल के पहिये में डायनमो लगाकर बिजली पैदा करके मोबाइल चार्ज करने का तरीका खोज निकाला। अश्विनी कुमार ने बताया कि गांव में ज्यादातर घरो मे इनवर्टर नही है। यहां बिजली न रहने पर मोबाइल चार्ज करने में परेशानी होती है। इसी का हल निकालते हुए चार पहिया वाहनो की भांति साइकिल मे मोबाईल चार्ज करने की तकनिकी को खोज निकाला।
दस मिनट लगातार साइकिल चलाने के बाद आप 15 मिनट तक मोबाइल चार्जर लगाकर कर मोबाइल चार्ज कर सकते है। सरकार ने इस होनहार को हर संभव मदद देने की बात कही है। अश्विनी ने बताया कि अगर मदद मिले तो वह साइकिल से ही घर में रोशनी देने की तकनीकी भी खोज निकालेगा। जिससे बल्ब, पंखा से लेकर टीवी तक चला सकते हैं।
