थाने में सपा नेता के बेटे ने तोड़ी दारोगा की टांग

Translate News:
     मेरठ।। सपा नेताओं ने थाने में घुसकर दारोगा के साथ जमकर मारपीट की है। खबर है कि मारपीट के कारण दारोगा की टांग टूट गई है। इतना ही नहीं गुस्साए सपा नेताओं ने दारोगा की वर्दी तक उतरवाने की धमकी दी है।
    बताया जा रहा है कि दारोगा का सपा नेता के बेटे के साथ झगड़ा हुआ था। थाने में सपा नेताओं व पुलिस के बीच मारपीट की सूचना पर एसएसपी मेरठ दिनेश चंद दूबे सहित एसपी सिटी ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे। उन्होंने हंगामा कर रहे लोगों को वहां से भगाया। सूचना के बाद सपा नेताओं का भी थाने पर जमावड़ा लग गया।
     हद तो यह है कि एसएसपी ने जख्मी दारोगा को ही सस्पेंड कर दिया, वहीं सपा नेता के पुत्र के खिलाफ भी थाने पर मारपीट का मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।
     मामला टीपी नगर थाना क्षेत्र का है। जहां सोमवार रात समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिलाध्यक्ष संगीता राहुल का बेटा नितिन राहुल जो नगर निगम में ठेकेदारी करता है, अपने दोस्त विशाल के साथ एक शादी से लौट रहा था।
    मंडी गेट पर कार खड़ी करके दोनों दोस्त बातचीत कर रहे थे कि तभी नवीन मंडी चौकी इंचार्ज सर्वेश यादव वहां पहुंचे और चौकी इंचार्ज ने उनसे वहां खड़े होने की बात पूछी तो नितिन ने खुद को सपा नेता बताया। जिस पर दारोगा की दोनों युवकों से कहासुनी हो गई। बाद में दारोगा दोनों को जीप में बैठाकर थाने ले आया। इसकी जानकारी पर सपा नेत्री संगीता राहुल आधा दर्जन युवकों के साथ टीपी नगर थाने जा पहुंची और वहां हंगामा शुरू कर दिया।

बताते हैं कि संगीता की थाने पर दारोगा से खूब नोकझोंक हुई, जो बाद में हाथापाई तक पहुंच गई। सपा नेत्री ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके बाल पकड़कर जमकर पीटा। दारोगा ने कहा कि सपा नेत्री के बेटे ने अपने साथियों के साथ थाने में उससे मारपीट की।

हंगामे की सूचना पर एसएसपी और एसपी सिटी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तथा उन्होंने लाठी फटकार कर हंगामा कर रहे लोगों को दौड़ाया।

सपा नेत्री के साथ मारपीट की सूचना पर रात में ही सपा जिला अध्यक्ष जयवीर सिंह व सपा छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अतुल प्रधान सहित अन्य पार्टी नेता थाने पहुंचे।

मामले में एसएसपी ने कहा कि दारोगा व सपा नेत्री पुत्र दोनों नशे में थे और मामले में कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
Loading...

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !
To Top