सिरसा/पानीपत।। सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा में अनुयायियों को नपुंसक बनाए जाने के आरोपों की जांच कर रही सीबीआई ने मंगलवार को हाईकोर्ट में अपनी छठी सील बंद स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की। हाईकोर्ट ने इस रिपोर्ट को रिकार्ड पर लेते हुए सीबीआई को निर्देश दिए कि वे जांच में तेजी लाएं और अगली सुनवाई तक जांच पूरी कर फाइनल रिपोर्ट कोर्ट में पेश करें।क्या है यौन शोषण मामला
मामले पर 30 अगस्त के लिए अगली सुनवाई तय की गई है। जस्टिस के कण्णन ने सीबीआई को डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच के आदेश दिए थे। कोर्ट ने कहा था कि जांच किसी भी तरह से प्रभावित हो इसके लिए हाईकोर्ट जांच की मॉनीटरिंग करेगा। फतेहाबाद निवासी हंस राज चौहान ने याचिका दायर कर कहा कि डेरे में 400 से ज्यादा अनुयायियों को नपुंसक बना दिया गया। कोर्ट ने कहा कि संबंधित मामले में भी डेरा प्रमुख के बड़ी संख्या में अनुयायी हैं। ऐसे में मामले की जांच को प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में अब कोर्ट की जिम्मेदारी है कि जांच सही दिशा और सही समय में हो। इस बात को सुनिश्चित करने के लिए हाईकोर्ट इस जांच को अपनी निगरानी में करवाए और समय समय पर इसकी रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाए। हाईकोर्ट ने सीबीआई को छूट दी थी कि जांच के दौरान यदि उसके किसी अधिकारी पर कोई दबाव बनाने का प्रयास किया जाए तो ऐसे में वे सीधे तौर पर कोर्ट को इस बारे में सूचित कर सकते हैं।
मेडिकल जांच में नपुंसक पाए 7 अन्य लोग: हंसराज
हंसराज चौहान ने याचिका में कहा कि उनके और अन्य 400 साधुओं को ईश्वर से मिलाने के नाम पर नपुंसक बना दिया गया। इसके बाद उनके शरीर में हार्मोनल बदलाव हो रहे हैं। हाईकोर्ट ने याची का मेडिकल चंडीगढ़ में करवाया था जिसमें उसको नपुंसक पाया गया था। इसके बाद हंसराज ने 7 अन्य लोगों के नाम दिए जो मेडिकल जांच में नपुंसक पाए गए थे। इन लोगों ने कहा कि वे अपनी इच्छा से नपुंसक बने हैं। याचिका में कहा, साधुओं को ईश्वर से मिलाने के नाम पर बनाया गया था नपुंसक।
साध्वी यौन शोषण मामला
साध्वी यौन शोषण मामले में फंसे हुए डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह इंसां मंगलवार को यहां वीडियो कांफ्रेंस के जरिए पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत में पेश हुए।
अदालत में पेश होने के लिए डेरामुखी सुबह 11:45 बजे कड़ी सुरक्षा सहित आए और दोपहर एक बजे तक अदालत में वीडियो कांफ्रेंस के जरिए सीबीआई की विशेष अदालत में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस दौरान दाेनों पक्षों के वकीलों की ओर से मामले को लेकर बहस भी हुई। बाद में न्यायधीश ने मामले की सुनवाई बुधवार के लिए स्थगित कर दी। बुधवार को भी डेरामुखी फिर से अदालत में पेश होंगे। उधर, पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्या और रणजीत सिंह हत्या मामलों की सुनवाई आगामी 30 जुलाई को होगी।
