पहली पत्नी के रहते हुए पति ने दूसरी शादी रचाने की तैयारी की। वह मंडप
में फेरे ले ही रहा था कि पत्नी पहुंच गई और मंडप पर ही उसने दुल्हे की
जमकर धुनाई कर दी। पहली पत्नी से छुपकर दूसरी शादी रचा रहे दुल्हे की उसकी पहली पत्नी ने शादी के मंडप में ही जमकर धुनाई कर दी। पिटाई के बाद दुल्हा अपनी होने वाली दुल्हन को मंडप में ही छोड़कर भाग खड़ा हुआ। घटना शंभूगंज थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार खगड़िया जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र अन्तर्गत सलारपुर गांव निवासी शंभू यादव के पुत्र सूरज यादव ने गांव में एक वर्ष पूर्व देवानंद ठाकुर की पुत्री संध्या कुमारी को प्रेम प्रसंग में फंसाकर कोर्ट मैरेज कर लिया था। शादी के बाद दोनों पति पत्नी के रूप में घर पर रहने लगे। शादी के सात माह बाद संध्या गर्भवती हो गयी।
यह शादी लड़के के पिता को नागवार था और शुरू से ही वह इस शादी का विरोध करते थे। उसके बाद दो दिन पूर्व ही सूरज यादव अपने आप को कुंवारा बताकर शादी करने के लिये शंभूगंज थाना क्षेत्र के वारसावाद गांव पहुंचा।
इसकी भनक उसकी पहली पत्नी संध्या देवी को लग गयी। पहले तो वो अपनी मां के साथ न्याय की गुहार लगाने शंभूगंज थाना पहुंची और शंभूगंज थाना पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। शंभूगंज पुलिस प्रमुख के चुनाव के कारण व्यस्त थी।
पुलिसिया कार्रवाई में विलंब होता देख संध्या देवी अपनी मां के साथ पति को खोजने वारसावाद ही पहुंच गई। वहां अपने पति सूरज यादव को मंडप में शादी करते देख उसकी पहली पत्नी संध्या देवी की क्रोध का ठिकाना न रहा। यहां उसने लोगों को जानकारी देते हुए पति की धुनाई शुरू कर दी।
सभी लोगों को सही बात की जानकारी देते हुए संध्या ने अपने पति सूरज यादव को अपने चप्पल से पीटना शुरू कर दिया। दुल्हा अपने आप को घिरता देख मंडप से भाग खड़ा हुआ।
