कांग्रेस सत्ता में रहे ना रहे जनता को मूलभूत अधिकार मिले इसके लिए हमेशा संघर्षरत रहेगी भ्रमित करने वाले आंकड़े प्रस्तुत कर जनता को छला जा रहा है
देश का दुर्भाग्य है कि एक ऐसी सत्ता शासन कर रही है जिसकी हर बात व हर वादा सच्चाई के विपरीत है
व्यवस्था में भ्रष्टाचार को संरक्षण देकर जनता के साथ विश्वासघात किया जा रहा है
भाजपा ने राम और गाय के नाम पर राजनीति कर वोट बटोरकर सत्ता हासिल की है
कोटा।। एनएसयूआई द्वारा कोटा के आई.एल. ग्राउण्ड में आयोजित संकल्प कार्यक्रम में युवाओं को सम्बोधित करते हुए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में रहे ना रहे जनता को मूलभूत अधिकार मिले इसके लिए हमेशा संघर्षरत रहती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के जमीनी हालातों से स्पष्ट हो गया है कि भाजपा सरकार ने जनहित के साथ समझौता किया है। प्रदेश सरकार की मुखिया जिलों में जाकर झूठे दावे कर रही है जबकि सच्चाई यह है कि रोजगार तो मिलना दूर लोगों को उनके पेंशन जैसे मूलभूत हक से भी वंचित रखा जा रहा है। चुनाव लडऩे के लिए झूठे वादे किए थे और अब भी भ्रमित करने वाले आंकड़े प्रस्तुत कर जनता को छला जा रहा है। प्रदेश में दलित व महिला उत्पीडऩ के मामलों में वृद्धि कानून व्यवस्था की लचरता की ओर इशारा करती है।उन्होंने कहा कि जब सत्ता निरंकुश होकर जनता की अनदेखी शुरू कर दे तब विपक्ष को ज्यादा जिम्मेदार होना पड़ता है इसलिए आज हमारा व्यवस्था से संघर्ष विपक्षी राजनीतिक दल से ज्यादा जनता के संरक्षक के रूप में है जो शासन की अराजकता की शिकार है। भाजपा के राज में गौमाता की अनदेखी के कारण जनता आहत है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व राजस्थान प्रभारी श्री गुरूदास कामत ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी के लिए पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ कार्य करें। युवा भारत आज विश्व में युवा शक्ति के आधार पर विशेष पहचान बना रहा है। आज देश का दुर्भाग्य है कि एक ऐसी सत्ता शासन कर रही है जिसकी हर बात व हर वादा सच्चाई के विपरीत है।प्रदेश में शिक्षा को कमजोर करने के लिए 17 हजार स्कूलों को बंद कर दिया गया है। व्यवस्था में भ्रष्टाचार को संरक्षण देकर जनता के साथ विश्वासघात किया जा रहा है। देश के प्रधानमंत्री का मौन समस्याओं व उससे ऊपजी जटिलताओं को बढ़ावा दे रहा है। सरकार के स्तर पर अराजकता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव व सह प्रभारी श्री मिर्जा इरशाद बेग ने प्रदेश में हुई गौवंश की दुर्दशा के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राम और गाय के नाम पर राजनीति कर वोट बटोरकर सत्ता हासिल की है और अब उसी गाय के लिए आवंटित बजट में भ्रष्टाचार कर उसे मरने के लिए छोड़ दिया है। नेता प्रतिपक्ष श्री रामेश्वर डूडी ने प्रदेश में अव्यवस्थाओं का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार की नाकामी को ऊजागर किया। उन्होंने कहा कि राजधानी की हिंगोनिया गौशाला गायों की मरणस्थली बन गई है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री शांति धारीवाल, श्री भरतसिंह, पूर्व सांसद श्री इज्येराज सिंह, डॉ. करणसिंह यादव, श्री प्रेमचन्द नागर, श्री शिवकांत नन्दवाना, एनएसयूआई की राष्ट्रीय अध्यक्ष अमृता धवन, एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष श्री राकेश मीणा, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं. गोविन्द शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
