Breaking News
Loading...

ट्रंप ने चार प्रतिशत विकास दर का वादा करते हुए भारतीय अर्थव्यवस्था का हवाला दिया

     अमेरिका के राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के धीमे आर्थिक विकास के लिए निवर्तमान राष्ट्रपति बराक ओबामा को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि यदि भारत जैसा विशाल देश आठ प्रतिशत की दर से विकास कर सकता है तो अमेरिका ऐसा क्यों नही कर सकता.
     ट्रंप ने न्यू हैम्पशायर के मानचेस्टर में एक चुनाव रैली में शुक्रवार को कहा, ‘हम पिछली तिमाही में एक प्रतिशत पर थे. नौकरियों की संख्या भयावह थी. ओबामा आधुनिक इतिहास में पहले राष्ट्रपति हैं जिनके कार्यकाल में एक वर्ष भी तीन प्रतिशत की विकास दर हासिल नहीं की जा सकी.’
     हालिया आंकड़ों में सामने आया है कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था ने वर्ष 2016 की तीसरी तिमाही में 2.9 प्रतिशत वाषिर्क दर से विकास किया. इसके कुछ ही घंटों बाद ट्रंप ने कहा, ‘वे कहते हैं कि यह मुश्किल है क्योंकि हमारा देश बड़ा है. वैसे, भारत अधिक बड़ा देश है और वे आठ प्रतिशत की दर से विकास कर रहे हैं.’
     उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें चुना जाता है जो अमेरिका चार प्रतिशत विकास दर हासिल करेगा. ट्रंप ने कहा, ‘नए विकास आंकड़े अभी जारी हुए हैं.. जिसके बाद देश की औसत विकास दर इस वर्ष दु:खद रूप से 1.5 प्रतिशत रही. यदि चीन सात या आठ प्रतिशत की जीडीपी हासिल करता है तो आप जानते हैं कि यह राष्ट्रीय आपदा की तरह हैं.’
      उन्होने कहा, ‘चीन की विकास दर सात प्रतिशत है और वह खुश नहीं है. हम करीब एक प्रतिशत पर हैं.’