वॉशिंगटन।। जिन घरों में वॉशिंग मशीन का ज्यादा इस्तेमाल होता है, उनके लिए यह खबर बहुत अहम है। मोबाइल के बाद अब वॉशिंग मशीन में भी ब्लॉस्ट का खतरा मंडराने लगा है। इसी आशंका में सैमसंग ने अपनी करीब 28 लाख मशीनों को वापस मंगाया है।अमेरिका से मिली जानकारी के मुताबिक, वहां 730 से ज्यादा वॉशिंग मशीनों में ब्लास्ट की शिकायत आई है। इसके बाद कंपनी ने यह फैसला किया है। सैमसंग दक्षिण कोरियाई कंपनी है और अमेरिका में यूएस कस्टमर प्रॉडक्ट सेफ्टी कमीशन की पहल के बाद ये वॉशिंग मशीन वापस बुलाई गई हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन वॉशिंग मशीन में बहुत ज्यादा वायब्रेशन होने के बाद ब्लास्ट हुए हैं। इन हादसों में नौ लोग घायल हुए हैं, इनमें से एक का जबड़ा टूट गया है।
जानकारों का कहना है कि सैमसंग वॉशिंग मशीन के ड्रम की वजह से ऐसा हो रहा है। कपड़े धोते समय इन ड्रम का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे वायब्रेशन होता है और फिर ब्लास्ट हो जाता है।
कंपनी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कुल 34 तरह के मॉडल की मशीन बुलाई गई हैं। ये प्रॉडक्ट मार्च 2011 से नवंबर 2016 के बीच बेचे गए थे। इस असुविधा के बदले कंपनी नई वॉशिंग मशीन पर भारी छूट दे रही है। साथ ही पूरा पैसा वापस देने या फ्री सर्विस की पहल भी की गई है।
अमेरिका में इस मामले में तेजी से काम हो रहा है। सरकार सैमसंग के रिटेलर से संपर्क कर रही है और ऐसे ग्राहकों की पहचान कर रही है, जिन्होंने इस अवधि में वॉशिंग मशीन खरीदी हैं।
