पूर्व प्रधानमंत्री और जेडीएस अध्यक्ष एच डी देवगौड़ा ने बुधवार को कहा कि क्षेत्रीय दलों के पास भाजपा की राजनीतिक प्रगति को रोकने की क्षमता नहीं है क्योंकि उनमें एकता नहीं है.देवगौड़ा ने यह भी कहा कि अगर भाजपा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में अपने दम पर जीत जाती है तो पार्टी का अगला ध्यान दक्षिण भारत पर होगा जिसकी शुरूआत कर्नाटक से होगी.
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, सोचने वाली बात है कि आगे क्या? संसद में कोई विपक्ष नहीं है. कांग्रेस मान्यताप्राप्त विपक्ष नहीं है. आज देश में राजनीतिक हालात यह है कि भाजपा मजबूती से बढ़ रही है.
पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा, अगर 11 मार्च को भाजपा उत्तर प्रदेश में अपने दम पर सत्ता में आ जाती है तो आज की स्थिति में क्षेत्रीय दलों में भाजपा को रोकने की क्षमता नहीं है. उन्होंने कहा, भविष्य में क्या होगा, मुझे नहीं पता. फिलहाल क्षेत्रीय दलों में एकता नहीं है. देवगौड़ा ने कहा कि भाजपा पहले ही केरल में अपना आधार बना चुकी है और तमिलनाडु में भी उसका वोट शेयर बढ़ा है.
