लीजिये परिवहन मंत्रालय की बात करते है
आप क्या खरीदना चाहते है लाइसेंस, फिटनेस या कोई परमिट हम आपको रेट बताते है। आप क्या चाहते है सिर्फ हमें बताइये, हम अपना ईमान बेचने को तैयार है, और अगर आप शिकायत करने की सोच रहे है तो हमारा बिगाड़ कर दिखा दीजिए। हाँ, आपका काम अब नहीं होगा, लिख लीजिये।
यह कोई घटना या नाटक की स्क्रिप्ट नहीं बल्कि आर टी ओ दफ्तर की तारीफ में लिखे दो शब्द है। आपको गाड़ी चलना नहीं आता और आप को लाइसेंस बनवाने की इच्छा है या कोई जरुरत है तो आप को 2500 देने होंगे, आपका बिना ड्राइविंग टेस्ट के काम करवा दिया जायेगा।
आप कॉमर्शियल लाइसेंस चाहते है और कानून के अनुसार कक्षा आठ पास नहीं है तो 4000 रूपये की व्यवस्था कर लीजिये। आपको डॉक्यूमेंट भी मिल जायेंगे और काम भी हो जायेगा, भरोसा रखे।
यदि आपका ड्राइविंग टेस्ट किसी घटिया अफसर की वजह से रिजेक्ट हो गया या किसी अन्य ज़ोन में आपकी सेटिंग नहीं बैठती तो आप अपने डॉक्यूमेंट दीजिये हम दूसरे जोन या जिले से आपका लाइसेंस बनवा देंगे और वही टेस्ट भी करवा देंगे। देखिये अब समझ जाइये काम कुछ भी हो सकता है दाम देने वाला होना चाहिए। ‘जेब ढीली करो काम कराओ।’
