
जहां एक तरफ मध्यप्रदेश में पिछले कुछ दिनों में करीब 21 किसान कर्ज के दबाव में मौत को गले लगा चुके है, वहीं मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री गोपाल भार्गव को किसानों से ज्यादा सिनेमा हॉल की फिक्र आन पड़ी है, इसलिए अभिनेता सलमान खान की फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ की टिकट बेचने वे खुद काउंटर पर बैठ गए।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्री गोपाल भार्गव ने अपने गृहनगर गढ़ाकोटा में 1978 से चल रहे अपने निजी श्री गणेश टॉकिज में पहुंच कर अपने चिर परिचित अंदाज में बुकिंग काउंटर पर बैठकर टिकट बेचे। लोगों के लिए मंत्री गोपाल भार्गव का यह अंदाज आकर्षण का केंद्र था। बताया जाता है कि भार्गव जब विधायक नहीं थे तब से यह सिनेमा संचालित हो रहा है, यह सिनेमा गढ़ाकोटा का एक मात्र टॉकिज है।
ख़बरों के अनुसार, कुछ लोग टिकट काउंटर पर पहुंचे तो मंत्री को बैठे देख चौक गए, इसके बाद जैसे ही यह बात इलाके में फैली तो लोगों की भीड़ मंत्री को टिकट बांटते देखने के लिए जुट गई।
बता दें कि गोपाल भार्गव मध्यप्रदेश सरकार में पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री है। उनके जिम्मे किसानों की समस्याएं देखना है और उन्हें सुलझाने की कोशिश करना है लेकिन इस सबसे बेपरवाह गोपाल भार्गव फिल्म ‘ट्यबूलाइट’ के टिकट बेच रहे थे।
