Translate News:
नई दिल्ली।। मशहूर पंजाबी सिंगर, एक्टर और डायरेक्टर परमीश वर्मा को मोहाली में कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी. ये हादसा देर रात 1.30 बजे का है. न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार पुलिस ने बताया कि ‘गाल नी कडनी’ के गायक को मोहाली में हमले के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर परमीश के साथ हुई कहासुनी के बाद आरोपी शख्स ने उन्हें गोली मारी. मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुलदीप चहल ने कहा, 'कुछ अज्ञात हमलावरों ने परमीश वर्मा को कल रात सेक्टर 91 के पास उस समय गोली मार दी जब वह घर लौट रहे थे. गोली उनके पैर में लगी है.'अधिकारी ने बताया कि गायक की जान को कोई खतरा नहीं है. पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है. पंजाबी गानों में अक्सर गालियां होती हैं, लेकिन परमीश वर्मा अपने गाने 'गाल नी कडनी' (यह गाने के बोल हैं, इसमें कोई गाली नहीं है) के लिए हाल ही में सुर्खियों में आए थे. परमीश के इस गाने को यूट्यूब पर अब तक 11 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है.परमीश ने 2015 में फिल्म 'ठोकदा रहा' को डायरेक्ट किया था. उन्होंने ‘ले चक मैं आ गया’ गाने के साथ सिंगिंग डेब्यू किया और यह गाना सुपरहिट रहा. साल 2011 में फिल्म पंजाब बोलदा से डेब्यू करने वाले परमीश आज काफी मशहूर एक्टर और सिंगर हैं. अब उनका अपना प्रोडक्शन हाउस भी है. वहीं परमीश की फिल्म 'रॉकी मेंटल' को यूट्यूब पर अब तक एक करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
