Breaking News
Loading...

जनता ने मांगा विकास का हिसाब तो भड़कीं भाजपा महिला विधायक, बोलीं- जो करते बने कर लो

      मध्य प्रदेश में इन दिनों जहां सीएम शिवराज सिंह चौहान पार्टी की इमेज सुधारने और आने वाले चुनावों के लिए जनता का दिल जीतने के लिए तमाम कदम उठा रहे हैं, वहीं उनके विधायक विवादित बयान देकर बीजेपी की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं. हाल ही में दमोह जिले के हटा से महिला विधायक उमा देवी खटीक का एक वीडियो सामने आया जिसमें वे लोगों से धमकी भरे अंदाज में बात करती दिख रही हैं. मोबाइल पर रिकॉर्ड हुआ ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद विधायक ने भी अपने पक्ष में बयान दिया है.
      जानकारी के मुताबिक, बीजेपी विधायक उमा देवी खटीक किसान सम्मान यात्रा के लिए अपने विधानसभा क्षेत्र के बिलाई गावं गई थीं. किसानों का सम्मान करने के बाद वे वहां के स्थानीय लोगों से बातचीत करने लगीं. लेकिन इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने सालों से इलाके में विकास नहीं होने की बात कही, जिस पर विधायक ने जवाब दिया कि पुरानी सरकारों के मुकाबले बीजेपी सरकार के तहत गांव में काफी विकास कार्य हुए हैं.
     इस पर जब लोगों ने कहा कि वे दस साल से यहां से चुनाव जीतती आ रही हैं. इसके मुकाबले उन्होंने काम बहुत कम करवाया है. इस बीच एक शख्स ने ये भी मुद्दा उठाया कि पिछले चुनाव के बाद ये तीसरी बार है जब वे यहां आई हैं.
इस तरह बिफरीं महिला विधायक
     ये सब सुनते ही बीजेपी महिला विधायक उमा देवी गुस्सा हो गईं और उन्होंने वहीं पर लोगों से बहस करना शुरू कर दी. उन्होंने कहा कि अभी कोई चुनाव नहीं चल रहे हैं और वो वोट मांगने नहीं आई हैं. इसके बाद उन्होंने धमकीभरे अंदाज में कहा कि उन लोगों से जो बन सके कर लें.
     इस पूरी घटना को वहां मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल पर रिकॉर्ड कर लिया, जिसे उन्होंने अन्य लोगों के साथ शेयर किया. सोशल मीडिया पर आते ही वीडियो तेजी से वायरल हो गया.
     हालांकि, इस पूरे मामले में विधायक उमा देवी की कुछ और ही दलील है. उनका कहना है कि लोगों से बातचीत करने के दौरान कुछ शराबी वहां आ गए थे, जिन्होंने उनसे बहस शुरू कर दी. इस वजह से उन्होंने ऐसा किया. विधायक ने कहा कि उन्होंने जो भी किया उसमें कुछ गलत नहीं है.